मुंबई/दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर परिचालन संकट का सामना करते हुए 400 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं। विभिन्न हवाई अड्डों पर कई उड़ानों में घंटों की देरी भी दर्ज की गई, जिसके कारण यात्रियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ा।
यात्री परेशान
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे पर प्रस्थान और आगमन दोनों मिलाकर 220 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। वहीं, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 100 से अधिक, और हैदराबाद एयरपोर्ट पर 90 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। देश के अन्य हवाई अड्डों पर भी कई उड़ानें या तो रद्द हुईं या लंबे समय तक विलंबित रहीं। यात्रियों की भीड़ हवाई अड्डों पर उमड़ पड़ी और देरी बढ़ने के साथ ही कई यात्रियों को फंसे रहने की स्थिति का सामना करना पड़ा। कतारों में इंतज़ार, जानकारी की कमी और टिकट रद्दीकरण जैसी समस्याओं ने यात्रियों की परेशानी बढ़ाई।
डीजीसीए रख रहा निगरानी
सूत्रों ने बताया कि इंडिगो इन दिनों केबिन क्रू की कमी, शेड्यूलिंग दिक्कतों तथा अन्य परिचालन संबंधी परेशानियों से जूझ रही है, जिसके कारण उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर स्थिति पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने कड़ी निगरानी रखनी शुरू कर दी है। मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में उड़ान बाधाओं की घटनाएँ तेजी से बढ़ी हैं, जिसके चलते एयरलाइन से विस्तृत रिपोर्ट मांग ली गई है।
10 फरवरी से संचालन बहाल होने की उम्मीद
इंडिगो ने गुरुवार को DGCA को यह जानकारी दी कि मौजूदा समस्याओं का समाधान करने की प्रक्रिया जारी है और उसका उड़ान संचालन 10 फरवरी, 2026 तक पूरी तरह स्थिर होने की उम्मीद है। एयरलाइन यात्रियों को सलाह दे रही है कि वे यात्रा से पहले उड़ान की अद्यतन स्थिति जरूर जांच लें, ताकि अंतिम समय की असुविधा से बचा जा सके।