कनाडा के राजदूत क्रिस्टोफर ने CM सैनी से की मुलाकात, हरियाणा के युवाओं को मिलेगा रोजगार

Nayab Singh Saini, CM Haryana

चंडीगढ़: कनाडा के राजदूत क्रिस्टोफर कूटर ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से संत कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात हरियाणा और कनाडा के बीच नए सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। कनाडा और हरियाणा के बीच युवाओं को रोजगार दिलाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

कनाडा के युवाओं को मिलेगा रोजगार

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवा मेहनती और तकनीकी तौर पर सक्षम हैं, जिन्हें वैश्विक अवसरों से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कनाडाई राजदूत ने आश्वस्त किया कि हरियाणा के स्किल्ड युवाओं को कनाडा में रोजगार उपलब्ध कराने में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में वेस्ट टू एनर्जी, विद्युत उत्पादन और कनाडा के खनन क्षेत्र में हरियाणा के युवाओं की संभावित भागीदारी पर भी चर्चा हुई। राजदूत कूटर ने बताया कि कनाडा इन क्षेत्रों में नए निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा यदि खनन, ऊर्जा या इंजीनियरिंग क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखते हैं तो उन्हें कनाडा में बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।

हरियाणा में खुलेगा कनाडा का विवि

इसके साथ ही कनाडा ने आश्वासन दिया कि हरियाणा के कुशल उद्यमियों को कनाडा में व्यापार स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में कनाडा के एक विश्वविद्यालय को हरियाणा में स्थापित करने की संभावना, शैक्षिक साझेदारी और विदेशी निवेश बढ़ाने के लिए विस्तृत रोडमैप पर भी चर्चा हुई।

कनाडा की भागीदारी से सुधरेगा युवाओं का भविष्य

मुख्यमंत्री सैनी ने इसे हरियाणा के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि राज्य में निवेश और शिक्षा के क्षेत्र में कनाडा की भागीदारी से युवाओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। यह मुलाकात विदेश सहयोग विभाग के सौजन्य से आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *