PM Narendra Modi Surat visit: (सूरत): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के सूरत शहर में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा कर मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (एमएएचएसआर) परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। सुबह सूरत हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री सीधे अंत्रोली क्षेत्र पहुंचे, जहाँ हाई-स्पीड रेल स्टेशन का निर्माण तेज़ी से जारी है। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों से बातचीत की और निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
भारत की रेल परियोजनाओं में शामिल
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर देश की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। लगभग 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में से 352 किलोमीटर हिस्सा गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में आता है, जबकि 156 किलोमीटर हिस्सा महाराष्ट्र में स्थित है। परियोजना पूरी होने पर यह भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा होगी।
9700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
सूरत दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी आदिवासी बहुल नर्मदा जिले के डेडियापाडा शहर की ओर रवाना होंगे। यहाँ वह आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 9,700 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विभिन्न विकास एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगा नर्मदा दौरा
डेडियापाडा में सभा को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री डेडियापाडा से करीब 23 किलोमीटर दूर सागबारा तालुका स्थित देवमोगरा गांव जाएंगे। यहाँ वह आदिवासी समुदाय की कुल देवी पंडोरी माता के मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे।