(नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को राजधानी के आईएसबीटी कश्मीरी गेट से हरियाणा के सोनीपत तक चलने वाली नई अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने नई ईवी बसों को हरी झंडी दिखाकर जनता की सेवा में समर्पित किया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह पहल राजधानी को प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
डीटीसी के बेड़े में लगातार जुड़ रहीं नई ईवी बसें
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार लगातार डीटीसी (दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) के बेड़े में नई इलेक्ट्रिक बसों (ईवी बसों) को शामिल कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को जितना ज्यादा आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा, उतना ही यह नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुलभ होगा। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली का पूरा सार्वजनिक परिवहन जल्द ही पूर्णतः emission-free हो। सरकार चाहती है कि नागरिकों को न केवल सुविधाजनक बल्कि स्वच्छ और टिकाऊ सफर मिले।”
वायु प्रदूषण नियंत्रण में मददगार होगा कदम
मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि यह पहल दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। नई ईवी बसें न केवल प्रदूषण को कम करेंगी, बल्कि ईंधन की खपत घटाकर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगी। उन्होंने बताया कि राजधानी में पहले से चल रही सैकड़ों इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। जल्द ही इन बसों की संख्या दोगुनी करने की योजना पर काम चल रहा है।
जनता को मिलेगा आधुनिक और सुरक्षित सफर
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, “हमारी सरकार दिल्ली को एक ऐसा शहर बनाना चाहती है, जहाँ हर नागरिक स्वच्छ हवा में सांस ले सके और सार्वजनिक परिवहन सबसे भरोसेमंद साधन बन सके। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल न केवल प्रदूषण नियंत्रण में मदद करेगी, बल्कि हरियाणा और दिल्ली के बीच यात्रा को भी और अधिक सुविधाजनक बनाएगी।