PM Modi CCS meeting Delhi blast: (नई दिल्ली): राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए भीषण कार ब्लास्ट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महत्वपूर्ण CCS बैठक की। बैठक में पीएम मोदी ने दोषी आतंकियों के नेटवर्क को समाप्त करने का दृढ़ संकल्प जताया। इसके बाद कैबिनेट की बैठक भी हुई, जिसमें इस हमले की गंभीरता और सुरक्षा प्रबंधन पर चर्चा हुई। कैबिनेट ने प्रस्ताव पारित कर इस हमले को जघन्य आतंकवादी घटना घोषित किया और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैबिनेट की बैठक में क्या हुई चर्चा
प्रधानमंत्री आवास में आयोजित कैबिनेट बैठक में लाल किला ब्लास्ट और आतंकियों की गिरफ्तारी की रणनीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में सुरक्षा कड़ी रखने, अंतरराज्यीय नेटवर्क पर नजर रखने और संदिग्धों की पहचान व गिरफ्तारी को लेकर सुझाव दिए गए। कैबिनेट ने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
आतंकवाद पर शून्य सहनशीलता
बैठक में आतंकवाद पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया गया। भारत सरकार ने कहा कि आतंकियों और उनके आकाओं को बख्शा नहीं जाएगा। भारतीय सेना की तैयारियों ने पाकिस्तान में खौफ पैदा कर दिया है। मोदी सरकार ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों और उनके संरक्षकों की पहचान जल्द की जाएगी।
मृतकों और घायलों को दी श्रद्धांजलि
10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में कई लोगों की जान चली गई और कई घायल हुए। मंत्रिमंडल ने शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। आपातकालीन दलों और चिकित्सा कर्मियों की तत्परता की सराहना की गई। मंत्रिमंडल ने इस कायरतापूर्ण कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद के किसी भी रूप को सहन नहीं किया जाएगा।
दोषियों को तुरंत न्याय के कठघरे में लाया जाएगा
मंत्रिमंडल ने अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साहस और समर्पण की सराहना की। घटना की जांच को उच्चतम तत्परता और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। दोषियों और उनके सहयोगियों को तुरंत न्याय के कठघरे में लाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। सरकार ने सभी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।