बेतिया में प्रधानमंत्री मोदी की हुंकार, नहीं चाहिए कट्टा सरकार फिर एक बार NDA सरकार’

Bihar Assembly Elections 2025:(बेतिया): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के सीतामढ़ी जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए जोर देकर कहा कि राज्य की जनता अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेतृत्व वाले विपक्ष को नहीं चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग राजद की सत्ता आने पर डर रहे हैं कि उनकी सरकार ‘‘लोगों के सिर पर कट्टा रख देगी और हाथ ऊपर करने का आदेश देगी।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में शिक्षा, खेल और स्टार्ट-अप जैसी पहलें बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने रैली में जनता से कहा, ‘‘नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार राजग सरकार।’’

मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की धरती से प्रचार अभियान शुरू करने का जिक्र करते हुए की और कहा कि यह अंतिम जनसभा चंपारण की ऐतिहासिक भूमि पर हो रही है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव नेताओं का नहीं, बल्कि बिहार की जनता का है और उन्होंने राजग से हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

पीएम ने पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान पर जताई खुशी

प्रधानमंत्री ने पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा, ‘‘बिहार ने साबित किया कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के हाथ में है।’’ चंपारण को महात्मा गांधी से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि यही धरती बिहार में विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेगी। मोदी ने राज्य को खाद्य प्रसंस्करण का ‘पावरहाउस’ और वस्त्र उद्योग का केंद्र बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

बेतिया ने ‘जंगलराज में देखा है सबसे बुरा दौर

राजद के शासनकाल को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बेतिया ने ‘जंगलराज’ का सबसे बुरा दौर देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘कट्टा और रंगदारी की राजनीति’’ बिहार को तबाह कर चुकी थी। उन्होंने हाल ही में एक वीडियो का उल्लेख किया, जिसमें एक बच्चा राजद रैली में ‘‘रंगदार’’ बनने की इच्छा व्यक्त कर रहा था। मोदी ने इसे बिहार की युवा पीढ़ी के साथ अन्याय बताया।

महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों का किया जिक्र

पीएम मोदी ने महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन के दौरान महंगाई चरम पर थी और अब राजग ने गरीबों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मोबाइल फोन और इंटरनेट जैसी सुविधाओं को सस्ता किया है। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल की बिक्री हाल के वर्षों में तीन गुना बढ़ी है, जो जनता की बढ़ती क्रय शक्ति और कम कर दरों का परिणाम है।

कांग्रेस ने छठ पर्व का किया था अपमान

प्रधानमंत्री ने करदाताओं को राहत देने की बात करते हुए कहा कि आयकर और जीएसटी में संशोधन के कारण जनता लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये बचा रही है। उन्होंने कहा कि विकास केवल तब संभव है जब भ्रष्टाचार न हो। उन्होंने राजद और कांग्रेस परिवारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। प्रधानमंत्री ने बिहार में राजग सरकार की विरासत और योजनाओं का जिक्र करते हुए महिला उद्यमी योजना, मत्स्य पालन क्षेत्र की प्रगति और पुनौरा धाम परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर छठ पर्व को ‘‘नाटक’’ कहकर अपमान करने का आरोप लगाया।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर वोट बैंक राजनीति और धार्मिक स्थलों से दूरी बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को भारत में रहने नहीं दिया जाना चाहिए और हर वोट यह सुनिश्चित करेगा कि वे बाहर जाएँ। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि दूसरे चरण में ‘‘रिकॉर्ड तोड़ मतदान’’ सुनिश्चित करें और हर बूथ पर पिछली बार से कम से कम 100 वोट अधिक पड़ें। रैली के अंत में प्रधानमंत्री ने भीड़ से ‘‘वंदे मातरम’’ का नारा लगवाया और याद दिलाया कि इस वर्ष राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *