प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा बयान, कहा- बिहार की जनता ने बना लिया मन राजग को मिलेगी रिकॉर्ड जीत

Bihar elections 2025: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दावा किया कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को रिकॉर्ड जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार “जंगल राज के समर्थक लोगों” को राज्य में अब तक की सबसे बुरी हार का सामना करना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी ‘नमो ऐप’ के ज़रिए बिहार में भाजपा और NDA की महिला कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान की। उन्होंने कहा कि वह बिहार की रैलियों को संबोधित कर रहे हैं और हर रैली में लोगों की भागीदारी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है, जिनमें महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय है।

“बिहार की जनता ने मन बना लिया है”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के लोग NDA के शासन और विकास कार्यों से संतुष्ट हैं और इस बार वे पिछले 20 वर्षों के जीत के रिकॉर्ड को तोड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा बिहार के लोगों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पिछले 20 वर्षों के जीत के रिकॉर्ड को तोड़ने का मन बना लिया है राज्य में ‘जंगल राज वाले लोगों’ को इस बार अपनी सबसे बुरी हार का सामना करना पड़ेगा। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में रैलियों के दौरान उन्होंने जनता में भारी उत्साह देखा है। हर रैली में लोगों की भागीदारी पिछली रैली का रिकॉर्ड तोड़ रही है, खासकर महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हो रही हैं।

महिलाओं की भागीदारी और संगठन की ताकत

प्रधानमंत्री ने बिहार भाजपा और एनडीए की महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ लगातार मेहनत कर रही हैं। पीएम मोदी ने कहा बिहार भाजपा की महिला कार्यकर्ता शानदार काम कर रही हैं। मैं चुनावों पर करीबी नजर रख रहा हूं और यह स्पष्ट है कि राजग भारी बहुमत से जीतने जा रहा है,“मुझे जीत पर कोई संदेह नहीं है, लेकिन मैं चाहता हूं कि मतदान अधिक से अधिक हो। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार महिलाओं के जीवन को आसान बनाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जनधन खातों जैसी योजनाओं का उदाहरण दिया, जिन्होंने महिलाओं के जीवन में बदलाव लाया है।

गरीबों और पिछड़ों की आवाज़

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार की एक भाजपा महिला कार्यकर्ता से बातचीत की, जिसने कहा कि राज्य में एनडीए को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि कार्यकर्ता के शब्द गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों और अति पिछड़ों की भावना को दर्शाते हैं। यह जोश बिहार के हर वर्ग में दिखाई दे रहा है। लोगों को भरोसा है कि NDA ही स्थिरता और विकास का प्रतीक है।

‘जंगल राज’ पर फिर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “जंगल राज” शब्द उस दौर को दर्शाता है जब बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई थी। प्रधानमंत्री ने कहा जंगल राज वालों ने बिहार को पीछे धकेल दिया था। आज बिहार सुशासन की राह पर है,” उन्होंने कहा कि NDA की सरकार ने बिहार को अपराध और भय के माहौल से निकालकर विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *