राष्ट्रीय एकता दिवस पर मोदी ने दिलाई एकता की शपथ, सरदार पटेल के योगदान को किया नमन

National Unity Day 2025: (गुजरात): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के नर्मदा जिले स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित की और देशवासियों को “एकता की शपथ” दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन न केवल लौहपुरुष सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संकल्प शक्ति को पुनः सुदृढ़ करने का भी प्रतीक है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा आज करोड़ों लोगों ने एकता की शपथ ली है। हमने यह संकल्प लिया है कि हम ऐसे हर कार्य को बढ़ावा देंगे जो राष्ट्र की एकता को मजबूत करें। हर नागरिक को ऐसे विचार या कर्म का त्याग करना चाहिए जो हमारे देश की एकता को कमजोर करता हो। यही समय की मांग है।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद उन्होंने 550 से अधिक रियासतों का भारत संघ में विलय कर एक ऐसे कार्य को पूरा किया, जिसे उस समय असंभव माना जा रहा था। उन्होंने कहा कि पटेल का जीवन “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विचार को साकार करने का प्रतीक था, और उनकी दूरदृष्टि के कारण ही आज भारत एक एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

‘एकता दिवस’ के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम

हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष, पटेल की 150वीं जयंती होने के कारण इस अवसर को विशेष रूप से भव्य स्तर पर मनाया जा रहा है। गुजरात के एकता नगर में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्रीगण, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, अधिकारी, और हजारों नागरिक मौजूद रहे।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एकता की भावना को प्रतीकात्मक रूप से सशक्त करने के लिए आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दौड़ “एकता में शक्ति” के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है।

प्रधानमंत्री का श्रद्धांजलि संदेश

आपको बता दे कि समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स पर भी सरदार पटेल को नमन किया। उन्होंने लिखा भारत सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता है। वे भारत के एकीकरण के पीछे प्रेरक शक्ति थे और उन्होंने हमारे राष्ट्र के प्रारंभिक वर्षों में इसकी दिशा तय की। राष्ट्रीय अखंडता, सुशासन और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। पीएम मोदी ने अपने संदेश में आगे कहा कि आज का भारत, पटेल के सपनों के “एकजुट, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र” को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर विशेष आयोजन

दुनिया की सबसे ऊँची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’, जो सरदार पटेल को समर्पित है, इस अवसर पर विशेष रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी। यहां आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय एकता पर आधारित गीत, नृत्य और दृश्यावलियां प्रस्तुत की गईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी देश के हर नागरिक के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनका संदेश एकता ही हमारी शक्ति है। भारत को आगे बढ़ाने की दिशा में मार्गदर्शक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *