राजधानी दिल्ली कोहरे और धुंध की चपेट में घिरी, हवा का स्तर और बिगड़ा

Delhi_Pollution

Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली गुरुवार की सुबह प्रदूषण के कारण घने कोहरे और धुंध की चादर में लिपटी रही। बीते कुछ दिनों से ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई वायु गुणवत्ता अब और गिरकर ‘बेहद खराब’ स्तर पर पहुंच गई है।

350 के पार पहुंचा एक्यूआई

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 357 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 279 था। वायु गुणवत्ता में इस गिरावट के साथ ही शहर के कई इलाकों में दृश्यता भी काफी कम हो गई।

आसमान में छाया धुंध का गुबार

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के मुताबिक दिल्ली का ‘वेंटिलेशन इंडेक्स’ अभी भी अनुकूल स्तर 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे है। यह सूचकांक बताता है कि हवा प्रदूषकों को किस हद तक फैलाने में सक्षम है। धीमी हवाओं (10 किमी/घंटा से कम) और घने कोहरे ने प्रदूषकों के छंटने में बाधा डाली है, जिससे वातावरण में धुंध छाई हुई है।

कई इलाके कोहरे में डूबे रहे

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि सुबह 7:30 बजे पालम में दृश्यता 1,000 मीटर और सफदरजंग में 800 मीटर दर्ज की गई। दोनों ही स्थानों पर हवा की गति बेहद धीमी रही।
कर्तव्य पथ, आनंद विहार, बुराड़ी और अक्षरधाम जैसे इलाके सुबह के समय कोहरे में लिपटे रहे। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, विवेक विहार और आनंद विहार में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई है, जहां AQI क्रमशः 415 और 408 दर्ज किया गया। दिल्ली के कुल 33 निगरानी केंद्रों ने AQI 300 से अधिक दर्ज किया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

CPCB के वर्गीकरण के अनुसार

  • 0–50 : अच्छा
  • 51–100 : संतोषजनक
  • 101–200 : मध्यम
  • 201–300 : खराब
  • 301–400 : बेहद खराब
  • 401–500 : गंभीर

IMD ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 90% रही। विभाग के अनुसार, शाम के समय हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *