PM Modi Gujrat Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे, जहां वे केवडिया में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री गुरुवार शाम को केवडिया स्थित एकता नगर पहुंचेंगे, जहां वे ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और 1,140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
31 को देश भर में होगी एकता दौड़
शुक्रवार को प्रधानमंत्री ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में देश भर में रन फॉर यूनिटी यानि एकता दौड़ का आयोजन भी किया गया है। पीएम मोदी ने देश भर के लोगों से इस एकता दौड़ में भाग लेने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की अपील की है।
एकता नगर में विकास कार्यों में आएगी तेजी
पीएम मोदी इस दौरे के दौरान ‘आरंभ 7.0’ कार्यक्रम के तहत 100वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स के अधिकारी प्रशिक्षुओं के साथ भी बातचीत करेंगे। ताकि एकता नगर के विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एकता नगर में चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाना, क्षेत्र की पहुंच और कनेक्टिविटी में सुधार करना, तथा सतत विकास से जुड़ी पहलों को प्रोत्साहित करना है।