पटेल की 150वीं जयंती पर 31 को होगी एकता दौड़, PM मोदी ने की Run for Unity में शामिल होने की अपील

Sardar Patel Jayanti

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारत के लौह पुरुष और अखंड भारत के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘एकता दौड़’ (Run for Unity) में भाग लें। यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर को देशभर में आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) पर लिखा “31 अक्टूबर को ‘एकता दौड़’ में शामिल हों और एकजुटता की भावना का उत्सव मनाएं! आइए, सरदार पटेल के अखंड भारत के दृष्टिकोण का सम्मान करें।”

भारत के पहले गृह मंत्री थे पटेल

सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को हुआ था। वे स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेता, स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री थे। उन्होंने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद 500 से अधिक रियासतों के भारत संघ में विलय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

मन की बात में पीएम मोदी की अपील

सरदार पटेल की जयंती को हर वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का नेतृत्व करेंगे। अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 31 अक्टूबर विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह सरदार पटेल की 150वीं जयंती है। इस अवसर पर पूरे देश में ‘एकता दौड़’ के आयोजन किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *