Rajnath Singh to Army: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अचानक एक बड़े ऐलान ने पाकिस्तान से लेकर अमेरिकी तक खलबली मचा दी है। रक्षा मंत्री ने देश की सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने का निर्देश दे दिया है। इससे पड़ोसी देश में हलचल पैदा हो गई है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भारत को हमेशा “युद्ध जैसी स्थिति” के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि हाल ही में पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य संघर्ष ने यह साबित कर दिया है कि सीमाओं पर कभी भी कोई अप्रत्याशित परिस्थिति उत्पन्न हो सकती है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बताया केस स्टडी
नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेनाओं ने दृढ़ संकल्प और स्वदेशी तकनीक के दम पर पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य के लिए एक “केस स्टडी” है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नई रणनीति और सुधारों की दिशा तय की जा सकती है।
सेना है तैयार, लेकिन बुनियाद रहे हमेशा मजबूतः रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने बताया कि 7 से 10 मई तक चले इस अभियान में आकाश मिसाइल प्रणाली, ब्रह्मोस, आकाशतीर वायु रक्षा नियंत्रण प्रणाली और अन्य स्वदेशी सैन्य उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया गया, जिससे भारत की क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई। उन्होंने कहा, “हमारी सेनाएं पूरी तरह तैयार हैं और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं, लेकिन हमें निरंतर आत्मचिंतन करते रहना चाहिए। हमें युद्ध जैसी परिस्थितियों के लिए अपनी बुनियाद को मजबूत रखना होगा।”
आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
राजनाथ सिंह ने वैश्विक परिदृश्य की अस्थिरता की ओर इशारा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वदेशीकरण (indigenisation) ही सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का सबसे प्रभावी मार्ग है। उन्होंने कहा कि “स्थापित विश्व व्यवस्था कमजोर हो रही है, कई क्षेत्रों में संघर्ष बढ़ रहे हैं, इसलिए भारत को अपनी सुरक्षा रणनीति को नए सिरे से परिभाषित करना होगा।” सिंह ने कहा कि 2014 से पहले भारत अपनी रक्षा आवश्यकताओं के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर था, जबकि आज देश में ही अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा उत्पादन 2014 में जहां 46,000 करोड़ रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 1.51 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
भारत का रक्षा निर्यात बढ़ा
उन्होंने यह भी कहा कि भारत का रक्षा निर्यात अब लगभग 24,000 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है और मार्च 2026 तक इसे 30,000 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है। रक्षा मंत्री ने नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा शुरू किए गए क्वांटम मिशन, अटल नवाचार मिशन और राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन जैसी पहलों का भी उल्लेख किया और कहा कि “हमें ऐसी उपलब्धियां हासिल करनी होंगी जो अब तक देश में संभव नहीं हो पाई हैं।”