दिवाली पर भावनाओं का सम्मान, CM रेखा गुप्ता ने किया सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत

Rekha Gupta welcomed Supreme Court decision:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिवाली के दौरान दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन पटाखों की अनुमति दिए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे जनता की भावनाओं का सम्मान करने वाला और पर्यावरण संरक्षण को महत्व देने वाला संतुलित निर्णय बताया।

जनभावनाओं और पर्यावरण के बीच संतुलन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दिल्ली सरकार, राजधानी में ग्रीन पटाखों के उपयोग की अनुमति देने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट की आभारी है। उन्होंने कहा यह निर्णय दीपावली जैसे पवित्र पर्व पर जनभावनाओं और उत्साह का सम्मान करता है, साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार एक स्वच्छ और हरित दिल्ली के संकल्प के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों की रौनक बनी रहे और साथ ही पर्यावरण की रक्षा भी की जा सके।

लोगों से हरित और जिम्मेदार उत्सव मनाने का आग्रह

सीएम गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि वे दिवाली जैसे पर्व को ग्रीन पटाखों के साथ मनाएं और “हरित और खुशहाल दिल्ली” के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से स्थिरता और उत्सव का सामंजस्य बनाना संभव होगा।

मंत्री कपिल मिश्रा की प्रतिक्रिया

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और कहा कि दिल्ली में सरकार बदलने के साथ अब हिंदू त्योहारों पर लगाए गए प्रतिबंध हट गए हैं। मिश्रा ने ‘एक्स’ पर लिखा जय श्री राम। वर्षों बाद दिल्लीवासी पारंपरिक तरीके से दिवाली मना सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार को धन्यवाद दिया कि उन्होंने जनता की आवाज़ को सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *