Delhi government loan scheme: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को महिला उद्यमियों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब उन्हें बिना किसी गारंटी के 10 करोड़ रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा। यह योजना महिला सशक्तिकरण और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
सीएम गुप्ता ‘पहले इंडिया फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रही थीं, जिसमें ‘भारत में एमएसएमई क्षेत्र में महिला उद्यमियों को बढ़ावा देना’ विषय पर एक रिपोर्ट का विमोचन किया गया। यह कार्यक्रम दिल्ली के आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुआ।
“महिलाएं अब बोझ नहीं हैं राष्ट्र की शक्ति
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की बड़ी आबादी को पूर्ववर्ती सरकारें एक बोझ के रूप में देखती थीं, जबकि वास्तव में यह एक संभावनाओं से भरी हुई संपत्ति है, विशेषकर महिलाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाकर समाज को एक नई दिशा दी जा सकती है।
सीएम गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा जब आधी आबादी घरों में बंद रहेगी, तो देश का विकास कैसे होगा उन्होंने इस मौके पर महिलाओं को देश की आर्थिक मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि हर क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी से ही भारत वैश्विक स्तर पर प्रगति कर सकता है।
आत्मनिर्भरता की ओर कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह नई ऋण योजना महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके तहत पात्र उद्यमियों को किसी बैंक गारंटी के बिना सरकारी सहायता से 10 करोड़ रुपये तक का ऋण प्राप्त हो सकेगा।उन्होंने कहा इस योजना के माध्यम से हमारे उद्यमी अपने विचारों और मेहनत के जरिए अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। सीएम गुप्ता ने इसे महिला सशक्तिकरण का “स्वर्ण युग” करार दिया और कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास महिलाओं को उनकी क्षमता का एहसास कराने की दिशा में है।