दिवाली से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा, अब 50 सरकारी सेवाएं मिलेंगी व्हाट्सऐप पर

रेखा गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री।

Governance through WhatsApp: (नई दिल्ली): दिवाली अब दूर नहीं, और इसी खास मौके पर दिल्ली सरकार राजधानी की जनता को एक अनोखा डिजिटल तोहफा देने जा रही है। अब दिल्ली के नागरिकों को जन्म प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र समेत करीब 50 सरकारी सेवाएं सीधे व्हाट्सऐप के ज़रिए मिलेंगी। इसके लिए न किसी सरकारी दफ्तर की लाइन में लगने की जरूरत होगी और न ही किसी दलाल के पास जाने की।

‘गवर्नेंस थ्रू व्हाट्सऐप’ योजना तैयार

दिल्ली सरकार ‘गवर्नेंस थ्रो व्हाटसैप’ नाम की योजना को लागू करने की तैयारी में है, जो सरकारी सेवाओं को पूरी तरह फेसलेस और पेपरलेस बनाएगी। इस योजना के तहत लोग अपने मोबाइल पर ही आवेदन कर सकेंगे, दस्तावेज़ अपलोड करेंगे और फीस का भुगतान भी ऑनलाइन कर सकेंगे। एक इंटेलिजेंट चैटबॉट इस पूरी प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाएगा।

50 सेवाओं को जोड़ा गया पहले चरण में

इस सेवा के पहले चरण में जन्म प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, इनकम सर्टिफिकेट और डोमिसाइल सर्टिफिकेट जैसी लगभग 50 सेवाएं शामिल की गई हैं। धीरे-धीरे इसमें और भी सेवाएं जोड़ी जाएंगी।

लोगों को मिलेगी राहत, दफ्तरों में घटेगी भीड़

इस नई पहल से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकारी कार्यालयों के चक्कर, लाइनें और फॉर्म की जटिलता अब बीते दिनों की बात हो सकती है। साथ ही, इससे सरकारी कार्यालयों में भीड़ घटेगी और भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी।

IT विभाग और टेक्नोलॉजी कंपनी की साझेदारी

इस पूरी परियोजना को दिल्ली सरकार का IT विभाग और एक निजी तकनीकी कंपनी मिलकर डिज़ाइन और लागू कर रहे हैं। यही विभाग पहले ‘डोरस्टेप डिलीवरी’ जैसी योजनाएं भी सफलतापूर्वक शुरू कर चुका है, जिसे जनता से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।

स्मार्ट गवर्नेंस की ओर कदम

दिल्ली सरकार की यह पहल राजधानी को डिजिटल और स्मार्ट गवर्नेंस की ओर ले जाती दिख रही है। अब देखना यह होगा कि यह सेवा ज़मीनी स्तर पर कितनी प्रभावी साबित होती है और जनता को इससे कितनी सुविधा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *