SMS hospital fire Jaipur: (जयपुर): राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रॉमा सेंटर के न्यूरो ICU में आग लगने से 7 मरीजों की जलकर मौत हो गई। हादसे में 4 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
रात 11:20 बजे स्टोर रूम में लगी आग
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11:20 बजे ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर बने न्यूरो ICU के स्टोर रूम में हुआ। स्टोर में रखे कागजात, ब्लड सैंपल ट्यूब और ICU उपकरणों में आग लगने के बाद पूरी यूनिट में ज़हरीला धुआं फैल गया।इस दौरान ICU और ट्रॉमा सेंटर में कुल 24 मरीज भर्ती थे। आग लगते ही मरीजों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया, लेकिन 11 मरीजों की हालत बिगड़ गई, जिनमें से 7 ने दम तोड़ दिया।
पूरा ICU वार्ड जलकर खाक
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा ICU वार्ड जलकर खाक हो चुका था। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि मरीजों को निकालने में समय लग गया।
मृतकों की पहचान
अब तक जिन मृतकों की पहचान हुई है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
पिंटू (सीकर)
दिलीप (आंधी)
श्रीनाथ (भरतपुर)
रुक्मणि (भरतपुर)
खुशमा (भरतपुर)
बहादुर (सांगानेर)
एक अन्य की शिनाख्त जारी है
हादसे के वक्त स्टाफ था गायब
मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आग और धुआं फैलते ही वहां तैनात स्टाफ और वार्ड ब्वॉय मौके से भाग गए। किसी ने समय रहते मरीजों को बाहर निकालने की कोशिश नहीं की। हमने खुद अपने मरीज को ICU से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एक मृतक का परिजन
सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा SMS अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनके साथ चिकित्सा मंत्री जवाहर सिंह बेधम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों के निःशुल्क इलाज का ऐलान किया। साथ ही अधिकारियों को जांच के सख्त निर्देश दिए। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य घटना है। किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।