Darjeeling landslide Heavy rainfall: दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में लगातार भारी बारिश के चलते हालात गंभीर हो गए हैं। शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण दार्जिलिंग की पहाड़ियों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लापता हैं। भूस्खलन की चपेट में आकर कई मकान बह गए, सड़कें टूट गईं और दूरदराज के गांवों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है।
दार्जिलिंग के उप-मंडलीय अधिकारी (एसडीओ) रिचर्ड लेप्चा ने बताया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा मोचन दल की मदद से बचाव एवं राहत कार्य लगातार जारी है। कई टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर फंसे लोगों को निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर किया पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा दुख जताया और कहा कि केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा दार्जिलिंग में पुल दुर्घटना में लोगों की मौत होने से बहुत दुःख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दार्जिलिंग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और केंद्र सरकार सभी प्रभावितों को हरसंभव मदद प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ममता बनर्जी ने की मुआवजे और दौरे की घोषणा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी स्थिति पर दुख व्यक्त किया और पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की, हालांकि अभी राशि का जिक्र नही किया गया है। उन्होंने कहा कि वह 6 अक्टूबर को उत्तर बंगाल का दौरा करेंगी और नुकसान की समीक्षा करेंगी। बनर्जी ने यह भी बताया कि बड़ी संख्या में पर्यटक भी प्रभावित हुए हैं, और राज्य सरकार उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।