Pakistan exposed at UNGA: भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बयानों को “बेतुका” करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। भारत ने कहा कि मई में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तानी सेना ने ही संघर्ष रोकने की अपील की थी, और भारत-पाकिस्तान के मुद्दों में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं हो सकती।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने ‘राइट टू रिप्लाई’ (उत्तर देने के अधिकार) का प्रयोग करते हुए कहा कि पाकिस्तान बार-बार आतंकवाद का महिमामंडन करता है और यही उसकी विदेश नीति का मूल हिस्सा बन चुका है।
ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि और पाकिस्तान का दावा
गहलोत ने पाकिस्तान द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर पेश की गई कहानी को “अजीब” और “झूठ पर आधारित” बताया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें 26 आम नागरिक मारे गए थे। इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली थी।
पाकिस्तान की झूठी कथाओं का पर्दाफाश
भारत ने इस हमले के बाद पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर निशाना साधते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। इस दौरान भारत ने बहावलपुर और मुरिदके जैसे क्षेत्रों में स्थित आतंकी शिविरों को तबाह किया। भारत के अनुसार, 9 मई तक पाकिस्तान भारत पर और हमले करने की धमकी दे रहा था, लेकिन 10 मई को उसकी सेना ने संघर्ष रोकने की सीधी अपील की। इस बीच भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई एयरबेस, रनवे और हैंगर तबाह कर दिए। गहलोत ने कहा कि इस तबाही की तस्वीरें सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने अपने भाषण में दावा किया था कि संघर्ष में पाकिस्तान ने “युद्ध जीत लिया” और इसे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता का परिणाम बताया था। इसके साथ ही उन्होंने कश्मीर मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि भारत के सात विमान क्षतिग्रस्त हुए। भारत ने इन दावों को झूठ और प्रोपेगेंडा बताया।
आतंकी समर्थन पर सवाल उठाए
गहलोत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई सबूत सामने आए, जिनमें लश्कर के आतंकियों की जनाजे की नमाज अदा करते हुए हाफिज अब्दुल रऊफ की तस्वीरें वायरल हुई थीं। यह जनाज़ा मुरिदके स्थित लश्कर मुख्यालय में हुआ था, जिसमें पाकिस्तानी सेना के सदस्य भी मौजूद थे।
भारत ने पाकिस्तान को उसकी दोहरी नीति याद दिलाते हुए कहा कि ओसामा बिन लादेन को उसने एक दशक तक पनाह दी, जबकि वह दुनिया के सामने आतंकवाद के खिलाफ साझेदार होने का दिखावा करता रहा। हाल ही में पाकिस्तान के मंत्रियों ने खुद माना है कि वे दशकों से आतंकी शिविरों का संचालन कर रहे हैं।
तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं
भारत ने साफ किया कि दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच कोई भी लंबित मुद्दा केवल द्विपक्षीय बातचीत से ही सुलझाया जाएगा। भारत और पाकिस्तान दोनों पहले ही इस बात पर सहमत हैं कि किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं हो सकती। संघर्षविराम जैसे मुद्दों पर सहमति दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधी बातचीत से बनी थी न कि किसी बाहरी ताकत की मध्यस्थता से।
गहलोत ने दोहराया कि यदि पाकिस्तान को तबाह हुए एयरबेस और मारे गए आतंकी जीत लगते हैं, तो वह अपनी “कल्पित जीत” पर खुश हो सकता है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र मंच से स्पष्ट कर दिया कि वह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में समझौता नहीं करेगा, और पाकिस्तान द्वारा फैलाई जा रही झूठी कहानियों और मध्यस्थता की उम्मीदों को सिरे से खारिज करता है।