दिल्ली सरकार की नई पहल, सीएम रेखा गुप्ता ने स्वचालित मल्टीलेवल पार्किंग का किया शुभारंभ

Delhi CM Rekha Gupta: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को पंजाबी बाग श्मशान घाट परिसर में राजधानी की एक नई स्वचालित बहुस्तरीय कार पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद कमलजीत सहरावत दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार का पहला वर्ष बुनियादी ढांचे को उन्नत करने पर केंद्रित है।

पार्किंग की समस्या को हल करने की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली पिछले करीब 27 वर्षों से सड़कों, फ्लाईओवर, स्कूलों, अस्पतालों और पार्किंग जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। अब समय आ गया है कि इन सभी क्षेत्रों में सुधार किया जाए ताकि आम नागरिक का जीवन सुगम हो सके। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा दिल्ली के बाजारों और कॉलोनियों में पार्किंग की समस्या इतनी गंभीर है कि आए दिन झगड़े हो जाते हैं। ऐसे में यह स्वचालित पार्किंग सुविधा एक बड़ी उपलब्धि है।”

डेढ़ साल में 100 नई पार्किंग बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उन्होंने अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिया है कि अगले डेढ़ साल में दिल्ली में 100 नई स्वचालित पार्किंग सुविधाएं तैयार की जाएं। उन्होंने निविदा प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं ताकि निर्माण समयबद्ध तरीके से हो सके। उन्होंने कहा, “जब हमारे प्रधानमंत्री एक साल में नई संसद बना सकते हैं तो पार्किंग में कई साल क्यों लगते हैं?” उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वे एक साल में लक्ष्य पूरा करते हैं, तो सरकार हर वर्ष 20 और पार्किंग परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करेगी।

दिल्ली के लिए नई सोच

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सिर्फ घोषणाएं नहीं करती, बल्कि काम करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि जनता को दिखाई देने वाला बदलाव ही असली विकास है, और दिल्ली को एक स्मार्ट व सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में यह केवल एक शुरुआत है। उन्होंने बताया कि इस तरह की सुविधाएं शहर के अन्य हिस्सों में भी स्थापित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं देना ही उनकी सरकार की प्राथमिकता है। स्कूल, अस्पताल, सड़कें और अब पार्किंग जैसी सुविधाएं लोगों के जीवन को आसान बनाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *