Dindayal Lado Lakshmi Yojana 2025: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और नवरात्रों के पावन अवसर पर ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ किया। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी ऐप’ भी लॉन्च किया गया है। लाभार्थी इस योजना से जुड़ी सहायता टोल-फ्री नंबर 18001802231 या हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 पर प्राप्त कर सकती हैं।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ
सीएम सैनी ने बताया कि यह योजना 23 से 60 वर्ष की आयु की विवाहित एवं अविवाहित महिलाओं को लाभान्वित करेगी जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये तक है। योजना के तहत हर माह 2100 की आर्थिक सहायता सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में नवंबर से दी जाएगी। एक परिवार की कितनी भी महिलाएं पात्र हों, सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। प्रदेश की लगभग 20 लाख माताओं और बहनों को इस योजना से लाभ होगा। पात्र महिलाएं 25 सितंबर तक आवेदन कर सकती हैं।
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अन्य कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इसी कड़ी में ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान’ और ‘8वें पोषण माह’ का भी हाल ही में शुभारंभ किया गया है।प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘ड्रोन दीदी’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं शुरू की हैं। हरियाणा में गरीब महिलाओं को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, और राशन डिपो का एक-तिहाई हिस्सा महिलाओं को दिया गया है।
शिक्षा और सुरक्षा में भी बढ़ाए कदम
सीएम सैनी ने बताया प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए 80 कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें से 30 विशेष रूप से लड़कियों के लिए हैं। पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। इस समय हरियाणा में 572 आंगनवाड़ी केंद्र और 273 स्टैंडअलोन क्रेच संचालित हो रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने के लिए प्रदेश में 33 महिला पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्श
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने हमेशा कहा था कि देश का विकास अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास से होता है। यह योजना इसी विचार को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में महिलाओं को मासिक 2100 देने का वादा किया गया था, जो अब ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। इस योजना के साथ ही सरकार ने अपने 217 संकल्पों में से 42वां संकल्प पूरा कर लिया है, और इस वर्ष के अंत तक कुल 90 संकल्प पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।