PM Modi inaugurated Tripureshwari Temple: अगरतला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को त्रिपुरा के गोमती जिले में स्थित पांच सौ वर्ष पुराने त्रिपुरेश्वरी मंदिर के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस कार्यक्रम में त्रिपुरा के राज्यपाल एन. इंद्रसेन रेड्डी, मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर के बाहर हजारों की संख्या में लोग एक झलक पाने के लिए उमड़े, जिन्होंने गर्मी के बावजूद पूरे जोश और श्रद्धा से प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
51 शक्तिपीठों में से एक है त्रिपुरेश्वरी मंदिर
बता दें कि यह ऐतिहासिक मंदिर भारत के 51 शक्तिपीठों में शामिल है और इसका धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व अत्यधिक है। मंदिर का मूल निर्माण वर्ष 1501 में त्रिपुरा के तत्कालीन राजा महाराजा धन्य माणिक्य ने करवाया था। यह मंदिर मां त्रिपुरेश्वरी को समर्पित है और त्रिपुरा राज्य का एक प्रमुख तीर्थस्थल माना जाता है।
‘प्रसाद योजना’ के तहत हुआ मंदिर का कायाकल्प
मंदिर परिसर का पुनर्विकास केंद्र सरकार की ‘प्रसाद’ योजना के अंतर्गत किया गया है। इस परियोजना पर ₹52 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्थान जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को राज्य के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मंदिर का नया स्वरूप अब न सिर्फ स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि देशभर के तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भी त्रिपुरा की ओर आकर्षित करेगा।