PM Modi birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर देश-विदेश से मिली अपार शुभकामनाओं, आशीर्वाद और स्नेह संदेशों के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह प्यार और समर्थन उन्हें बहुत प्रेरणा और ताकत देता है। साथ ही उन्होंने ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए और भी अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।
एक्स पर पीएम ने जताया जनशक्ति का आभार
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि लोगों का विश्वास और शुभकामनाएं उन्हें न केवल व्यक्तिगत रूप से, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए किए जा रहे काम के लिए भी आशीर्वाद की तरह महसूस होती हैं। उन्होंने कहा, “यह जनशक्ति का आभार है, जो मुझे निरंतर प्रेरित करती है। मोदी ने बताया कि पूरे देश में लोग विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों में लगे हैं, जो आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अच्छाई भारतीय समाज की मजबूती का आधार है और यह हमें आशा, सकारात्मकता और चुनौतियों का सामना करने का साहस देती है।
सभी का स्नेह दिल को छू गयाः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने ऐसे सभी लोगों की सराहना की जो इस सामाजिक सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “आपकी शुभकामनाएं और मुझमें जताया गया विश्वास मुझे बहुत ताकत देता है। मैं इसे एक बेहतर भारत के निर्माण के लिए हम सब के साझा प्रयासों का आशीर्वाद मानता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि भले ही व्यक्तिगत रूप से सभी शुभकामनाओं का जवाब न दे पाए हों, लेकिन यह स्नेह उनके दिल को गहराई से छू गया है। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। इस अवसर पर देश-विदेश के कई नेता और हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।