Mauritius PM Navin Chandra Ramgoolam: (अयोध्या): मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे और श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ उनकी पत्नी वीना रामगुलाम और 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।
भव्य स्वागत और सांस्कृतिक सम्मान
अयोध्या हवाई अड्डे से राम मंदिर तक का मार्ग विशेष रूप से सजाया गया था। पूरे रास्ते प्रधानमंत्री के स्वागत में पोस्टर और बैनर लगाए गए, जिनमें भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों को दर्शाया गया। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश और बिहार से मॉरीशस गए थे। आज वे मॉरीशस की मुख्यधारा का हिस्सा हैं और उन्होंने वहां भारतीय संस्कृति को जीवित रखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री रामगुलाम का अयोध्या में हार्दिक स्वागत किया।
राम मंदिर में ली निर्माण कार्य की जानकारी
प्रधानमंत्री रामगुलाम ने अपनी पत्नी के साथ राम मंदिर में पूजा की। इसके बाद मंदिर के निर्माण कार्य और उसकी प्रगति के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। मंदिर निर्माण से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें मंदिर की स्थापत्य कला, इतिहास और विकास योजनाओं के बारे में बताया। रामगुलाम ने मंदिर के भव्य और सांस्कृतिक महत्व को सराहा।
काशी विश्वनाथ मंदिर किया पूजा अर्चना
मॉरीशस के प्रधानमंत्री पहले वाराणसी भी गए थे, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। वे बुधवार को वाराणसी पहुंचे थे और गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की थी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और विकास परियोजनाओं पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री रामगुलाम 9 से 16 सितंबर तक भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वे कई धार्मिक और आधिकारिक स्थलों का दौरा कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।