Vice President of India: (नई दिल्ली): वरिष्ठ नेता चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें पद की शपथ दिलाई।
राष्ट्रपति भवन के भव्य दरबार हॉल में आयोजित इस समारोह में देश के शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। 67 वर्षीय राधाकृष्णन ने लाल रंग का पारंपरिक कुर्ता पहन रखा था और उन्होंने अंग्रेज़ी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ लेते समय सभागार में शांति और गरिमा का वातावरण था। जैसे ही उन्होंने “मै ईश्वर की शपथ लेता हूँ…” कहा, उपस्थित जनों ने तालियों से उनका स्वागत किया। राधाकृष्णन ने 10 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों के बड़े अंतर से हराया था। यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई को अचानक इस्तीफे के बाद कराया गया था।
कौन-कौन रहा मौजूद
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, और कई अन्य केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और हामिद अंसारी भी उपस्थित रहे। खास बात यह रही कि इस्तीफे के बाद जगदीप धनखड़ पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए।
सी. पी. राधाकृष्णन दक्षिण भारत से आने वाले प्रभावशाली नेता हैं और पार्टी संगठन में भी उनकी अहम भूमिका रही है। उनके अनुभव और संयमित व्यक्तित्व से उम्मीद जताई जा रही है कि वे राज्यसभा के सभापति के रूप में निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेंगे।