Himachal landslide : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निरमंड क्षेत्र के शरमानी गांव में सोमवार की देर रात हुए भूस्खलन की घटना में महिला की मत हो गई। जबकि उसके चार अन्य पारिवारिक सदस्य मलबे में दबे हुए हैं। राहत और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हैं।
रात लगभग डेढ़ बजे हुए घटना
यह घटना रात लगभग डेढ़ बजे भारी बारिश के बीच हुई। इस लैंडस्लाइड में दो घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ग्राम पंचायत प्रधान भोगा राम ने बताया कि मृतक की पहचान शिव राम की पत्नी बरसाती देवी के रूप में हुई है। लापता लोगों में चुन्नी लाल, अंजू, जागृति और पुष्पेश शामिल हैं, जिनके फंसे होने की आशंका व्यक्त की गई है। ग्रामीण इलाके में बचाव अभियान जारी है।
कई लोग घायल
इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। इनमें धर्म दास, उनकी पत्नी कला देवी और शिव राम भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन सभी को निरमंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधान ने यह भी बताया कि प्रशासन और उप-मंडल मजिस्ट्रेट कार्यालय को तुरंत सूचना भेज दी गई थी। ग्रामीण और बचाव दल रातभर खोज और राहत कार्य में लगे रहे।
राज्य में बारिश से अब तक 370 मौतें
मॉनसून के आगमन से लेकर 8 सितंबर तक राज्य में प्राकृतिक आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के कारण 370 लोगों की मौत हो चुकी है, जो चौंकाने वाला आंकड़ा है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार वर्षाजनित घटनाओं से 205 मौतें, भूस्खलन में 43, बादल फटने से 17, अचानक आई बाढ़ से 9 मौतें हुई हैं। वहीं कुल्लू ज़िले में ही इस मानसून में अब तक 22 भूस्खलन घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई है।