Aishwarya Rai: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने अचानक दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपने प्रचार और व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा की मांग की है। अभिनेत्री ने अदालत से अपील की कि उनके नाम, तस्वीरों और एआई द्वारा तैयार की गई अश्लील सामग्री का अवैध रूप से उपयोग कर रहे लोगों को रोका जाए।
हाईकोर्ट ने दिया ये संकेत
मंगलवार को सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति तेजस करिया ने मौखिक रूप से संकेत दिया कि वह इस मामले में प्रतिवादियों को चेतावनी देते हुए एक अंतरिम आदेश पारित कर सकते हैं। ऐश्वर्या राय की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप सेठी ने दलील दी कि अभिनेत्री अपने व्यक्तित्व अधिकारों और प्रचार अधिकारों का संरक्षण चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ असली दिखने वाली, लेकिन पूरी तरह कृत्रिम अंतरंग तस्वीरें इंटरनेट पर प्रसारित की जा रही हैं, जो राय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा रही हैं।
अभिनेत्री की वकील ने की ये अपील
सेठी ने अदालत में कहा, “अभिनेत्री की छवि और पहचान का गलत तरीके से प्रयोग कर लोग आर्थिक और सामाजिक लाभ उठा रहे हैं। कोई व्यक्ति केवल उनके नाम और चेहरे से पैसे बना रहा है, जबकि ऐसा करने का उसके पास कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आगे कहा, “ऐश्वर्या का नाम और चेहरा किसी की यौन कल्पनाओं की पूर्ति के लिए उपयोग किया जा रहा है, जो अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
राय की ओर से वकालत कर रहे अन्य अधिवक्ताओं में प्रवीन आनंद और ध्रुव आनंद भी शामिल थे। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि 7 नवंबर 2025 निर्धारित की है, जो संयुक्त रजिस्ट्रार के समक्ष होगी। इसके बाद अगली सुनवाई 15 जनवरी 2026 को अदालत के समक्ष होगी।