वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से 6 श्रद्धालुओं की मौत, गृह मंत्री अमित शाह ने हालात का लिया जायजा

Landslide on the Vaishno Devi: (नई दिल्ली): जम्मू-कश्मीर में स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार का दिन दुखद रहा, जब त्रिकुटा पर्वत पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन हो गया। इस हादसे में कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।

घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तत्परता दिखाते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है, और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर रवाना की गई हैं।

गृह मंत्री शाह ने सोशल मीडिया लिखा

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर लिखा जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण हुई भूस्खलन की घटना अत्यंत दुखद है। मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। एनडीआरएफ की टीम भी वहां पहुंच रही है।”

हादसा कैसे हुआ?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे, त्रिकुटा पहाड़ी की ढलानों पर भारी बारिश के बाद चट्टानें और मिट्टी खिसकने लगी। अचानक हुए इस भूस्खलन ने माता वैष्णो देवी भवन तक जाने वाले मार्ग को प्रभावित कर दिया। पत्थरों और चट्टानों के गिरने से दर्जनों श्रद्धालु चपेट में आ गए, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई।

रोकी गई यात्रा

घटना के तुरंत बाद तीर्थयात्रा को स्थगित कर दिया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है और आगे की यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

प्रशासन सतर्क बचाव कार्य जारी

कटरा प्रशासन, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर पुलिस राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। घायलों को निकट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ताकि तीर्थयात्रियों के परिवारों को जानकारी दी जा सके। इस बीच मौसम विभाग ने आगे भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते प्रशासन सतर्क है और पर्वतीय क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *