केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जापान के मंत्री संग किया ऊर्जा संवाद, ग्रीन टेक्नोलॉजी पर बनी सहमति

(नई दिल्ली): भारत और जापान के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को नई गति देने के लिए शुक्रवार को भारत-जापान ऊर्जा संवाद का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस संवाद की सह-अध्यक्षता केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जापान के अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्री मुटाउ योउजी के साथ मिलकर की।

ऊर्जा क्षेत्र के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा

इस उच्च स्तरीय संवाद में दोनों देशों के बीच स्मार्ट ग्रिड, ग्रीन हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा का एकीकरण, ऊर्जा भंडारण, ऊर्जा दक्षता और सतत ईंधनों जैसे अहम विषयों पर गहन बातचीत हुई। यह मीटिंग वर्तमान की ऊर्जा आवश्यकताओं और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

तकनीकी सहयोग के नए रास्ते

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भारत और जापान ने उन्नत बैटरी तकनीकों, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला और कार्बन कैप्चर, उपयोग एवं भंडारण (CCUS) जैसे फ्रंटियर टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में भी सहयोग को मजबूत करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में मिलकर काम करने से ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास को बल मिलेगा।

भविष्य के लिए साझी प्रतिबद्धता

मनोहर लाल ने ट्वीट कर कहा, “हम एक साथ मिलकर स्वच्छ, लचीली और टिकाऊ ऊर्जा भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने इस संवाद को भारत और जापान के बीच टिकाऊ ऊर्जा सहयोग के एक नए युग की शुरुआत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *