अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ पहुंचने पर भव्य स्वागत, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी रहे मौजूद

Shubhanshu Shukla

लखनऊ: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का अपने गृहनगर लखनऊ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल मिशन पूरा कर लौटे भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सोमवार सुबह लखनऊ पहुंचे। उनके स्वागत में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उनके परिवारजन और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

सीएमएस में निकली विजय परेड

लखनऊ के त्रिवेणी नगर निवासी शुभांशु शुक्ला ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) से प्राप्त की थी। स्कूल प्रशासन ने उनकी उपलब्धि का सम्मान करते हुए एक “विजय परेड” का आयोजन किया। सीएमएस के छात्रों ने बैंड की धुनों पर नाचते-गाते हुए हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति नारों से माहौल पूरी तरह देशप्रेम में रंग गया। छात्रों ने उन्हें फूलों से सजी गाड़ी में बैठाकर स्कूल तक ले जाने का जश्न मनाया।

UP सरकार ने किया सम्मान समारोह का आयोजन

शुक्ला के स्वागत में लखनऊ की सड़कों पर नागरिकों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और पुष्पवर्षा की। सुरक्षा के मद्देनजर अर्द्धसैनिक बल और पुलिसकर्मी तैनात रहे। शुक्ला का काफिला गोमती नगर विस्तार स्थित CMS कैंपस की ओर रवाना हुआ, जहां उनके सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मीडिया से कहा, “शुभांशु जी ने अंतरिक्ष से भारत और लखनऊ के जो दृश्य हमें बताए, वो शब्दों में बयां नहीं किए जा सकते। यह पूरे उत्तर प्रदेश और लखनऊ के लिए गर्व का क्षण है।”

सीएम योगी से होगी मुलाकात, लोकभवन में सम्मान समारोह

एक अधिकारी के अनुसार, शुक्ला दोपहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करेंगे। लोकभवन में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया है, जहां राज्य सरकार उन्हें सम्मानित करेगी। शुभांशु शुक्ला ने 25 जून को फ्लोरिडा से ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा शुरू की थी। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने और राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। 18 दिन के इस मिशन में उन्होंने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और 20 आउटरीच सत्र पूरे किए। वह 15 जुलाई को धरती पर लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *