(हरियाणा): प्रसिद्ध यूट्यूबर और ‘बिग बॉस’ विजेता एल्विश यादव के घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी इशांत गांधी उर्फ इशु को गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ फरीदाबाद के सेक्टर-30 के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, इशांत मोटरसाइकिल पर जा रहा था जब अपराध शाखा की टीम ने उसे रोकने की कोशिश की। वह भागने लगा और इस दौरान पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CCTV फुटेज में मिला था सबूत
17 अगस्त की सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के आवास पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं। हमले के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दौरान इशांत गांधी को गोली चलाते हुए CCTV फुटेज में साफ देखा गया था।
‘भाऊ गैंग’ ने ली थी हमले की जिम्मेदारी
हमले के तुरंत बाद एक गिरोह ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। पुलिस के मुताबिक, ‘भाऊ गैंग’ नामक इस आपराधिक समूह ने एल्विश यादव पर सट्टेबाजी ऐप का प्रचार करने का आरोप लगाते हुए यह हमला किया था। पुलिस उपायुक्त (अपराध) मुकेश मल्होत्रा ने कहा कि, “गांधी से अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गहन पूछताछ की जाएगी। हमें उम्मीद है कि इससे पूरे मामले की साजिश का खुलासा होगा।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस अन्य दो हमलावरों की तलाश में जुटी है। साथ ही गिरोह और सट्टेबाजी ऐप से जुड़े कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित और संगठित अपराध का हिस्सा था।