PM Modi inaugurates Vande Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु से तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस को स्वयं हरी झंडी दिखाई, जबकि श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर और अजनी (नागपुर)-पुणे वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत डिजिटल माध्यम से की।
आवागमन होगा आसान
ये हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेंगी। यात्रा के समय में उल्लेखनीय कमी लाएंगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेंगी। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जब प्रधानमंत्री का काफिला रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ा, तो रास्ते के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों ने मोदी, मोदी’’ के नारों से उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी कार से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया।
कर्नाटक को मिली 11वीं वंदेभारत
बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस, कर्नाटक में चलने वाली 11वीं वंदे भारत सेवा है। यह ट्रेन 611 किलोमीटर की दूरी केवल 8.5 घंटे में तय करेगी, जिससे मौजूदा ट्रेनों की तुलना में यात्रा समय में 1 घंटा 20 मिनट से लेकर 1 घंटा 40 मिनट तक की बचत होगी।
क्या होगा रूट
यह तेज़गति ट्रेन बेंगलुरु को बेलगावी जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों के केंद्र से जोड़ेगी। इस मार्ग में कर्नाटक के प्रमुख क्षेत्र जैसे गन्ना उत्पादक बेल्ट, धारवाड़, हुबली, हावेरी, दावणगेरे और तुमकुरु शामिल हैं।
धारवाड़ – उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए प्रसिद्ध
हुबली – एक समृद्ध वाणिज्यिक और औद्योगिक केंद्र
हावेरी – एक उभरता हुआ कृषि केंद्र
दावणगेरे – वस्त्र उद्योग और कृषि का केंद्र
तुमकुरु – बढ़ता हुआ औद्योगिक और शैक्षिक हब
रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि इस सेवा से छात्रों, पेशेवरों, किसानों और व्यापारियों को बेंगलुरु के व्यापक अवसरों तक त्वरित पहुँच मिलेगी और यह पूरे क्षेत्र में आर्थिक प्रगति एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा।