सांसदों को मिलेगा नवनिर्मित फ्लैट, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अगस्त को नई दिल्ली स्थित बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए तैयार किए गए आधुनिक और बहुमंजिला फ्लैट परिसरों का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के अंतर्गत कुल 184 टाइप-7 फ्लैटों का निर्माण किया गया है, जो संसद सदस्यों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए हैं।

पीएम मोदी लगाएंगे सिंदूर का पौधा

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री परिसर में सिंदूर का पौधा लगाएंगे और निर्माण में जुटे श्रमिकों से बातचीत करेंगे। इसके साथ ही वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

सांसदों की आवास समस्या होगी दूर

सांसदों के लिए दिल्ली में आवास की पुरानी समस्या को देखते हुए यह परियोजना शुरू की गई थी। भूमि की सीमित उपलब्धता को देखते हुए ऊर्ध्वाधर निर्माण पर जोर दिया गया, जिससे जगह का अधिकतम उपयोग हो सके और रखरखाव की लागत भी कम रहे।

सभी इमारतें हैं भूकंपरोधी

प्रत्येक फ्लैट में लगभग 5,000 वर्ग फुट का कार्पेट क्षेत्र है, जिसमें आवासीय और आधिकारिक कार्यों के लिए पर्याप्त स्थान मौजूद है। परिसर में कार्यालय, कर्मचारियों के लिए आवास और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।परिसर को आधुनिक सुरक्षा तकनीकों से सुसज्जित किया गया है और सभी इमारतों को भूकंपरोधी मानकों के अनुसार बनाया गया है, जिससे सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *