दिल्ली हवाई अड्डे पर एअर इंडिया के विमान APU यूनिट में आग, सभी यात्री सुरक्षित

Fire APU unit of Air India aircraft:(नई दिल्ली): दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जब एअर इंडिया के एक विमान की सहायक ऊर्जा इकाई (APU) में आग लग गई। यह घटना विमान के उतरने के कुछ ही देर बाद घटी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह घटना एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-315 के साथ हुई, जो हांगकांग से दिल्ली आ रही थी। एयरलाइन के अनुसार, यह एयरबस A321 विमान दोपहर करीब 12:12 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा और गेट पर पार्क हो रहा था। उसी दौरान विमान के एपीयू यूनिट में आग लगने की सूचना मिली।

एपीयू में तकनीकी गड़बड़ी के बाद लगी आग

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि एपीयू में आग लगने की यह घटना उस वक्त हुई जब यात्री विमान से उतरना शुरू कर चुके थे। “सिस्टम डिज़ाइन के अनुसार एपीयू स्वतः बंद हो गया, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सामान्य रूप से विमान से सुरक्षित उतर गए

विमान को सेवा से हटाया गया, जांच शुरू

घटना के तुरंत बाद विमान को सेवा से बाहर कर दिया गया है और इसे तकनीकी जांच के लिए रोक लिया गया है। विमान को आंशिक नुकसान हुआ है, जिसकी मरम्मत और तकनीकी परीक्षण नियमानुसार किए जाएंगे। एअर इंडिया ने इस मामले की सूचना संबंधित विमानन नियामक को भी दे दी है।

हवाईअड्डे की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि ग्राउंड स्टाफ और अग्निशमन दल की तत्परता के चलते स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए प्राथमिक कदम उठाए गए। किसी यात्री को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है और किसी उड़ान संचालन पर इसका असर नहीं पड़ा।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट पर मिली जानकारी

फ्लाइटराडार24 डॉट कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह उड़ान नियमित रूप से संचालित हो रही थी और निर्धारित समय पर दिल्ली पहुंची। एयरबस A321 से संचालित यह उड़ान एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का हिस्सा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *