Amarnath yatra 2025: (जम्मू): जम्मू-कश्मीर में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को बृहस्पतिवार को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। बीते 36 घंटे से जारी बारिश ने यात्रा मार्गों को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रशासन ने यह कदम गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग पर हुए भूस्खलन की घटना के बाद उठाया, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
कश्मीर संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने जानकारी दी कि 17 जुलाई को पहलगाम और बालटाल दोनों आधार शिविरों से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा, “लगातार हो रही भारी बारिश के चलते यात्रा मार्गों की हालत खराब हो गई है और उन पर मरम्मत कार्य करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। हालांकि, यह भी बताया कि पंजतरणी आधार शिविर में रुके श्रद्धालुओं को, सुरक्षा और मार्ग की स्थिति की समीक्षा के बाद, बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) और अन्य बचाव दलों की निगरानी में बालटाल भेजा जा रहा है।
मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट
बिधूड़ी ने कहा कि बीआरओ ने मार्गों की बहाली के लिए बड़ी संख्या में श्रमिकों और मशीनों की तैनाती कर दी है। अगर मौसम में सुधार हुआ तो यात्रा को शुक्रवार, 18 जुलाई से फिर से शुरू किया जा सकता है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसमें कश्मीर घाटी के अमरनाथ यात्रा मार्ग भी शामिल हैं, जहां लैंडस्लाइड और फिसलन की आशंका बनी हुई है।
इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हुई थी, और अब तक 2.35 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं। 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह गुफा मंदिर हर साल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होता है। प्रशासन ने बताया कि अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने अमरनाथ यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 5.10 लाख श्रद्धालुओं तक पहुंचा था। इस साल यात्रा का समापन 9 अगस्त को होगा।
श्रद्धालुओं से की अपील
यात्रा मार्गों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि वे मौसम की ताजा जानकारी और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें तथा बिना मंजूरी के आगे न बढ़ें। सुरक्षा बल, बीआरओ और आपदा प्रबंधन दल पूरे क्षेत्र में अलर्ट पर हैं।