ब्राजील पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, BRICS शिखर सम्मेलन और राजकीय यात्रा का कार्यक्रम तय

ब्राजील पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

Narendra Modi foreign visit:(रियो डी जिनेरियो): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ब्राजील के रियो डी जिनेरियो पहुंचे, जहां वे 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह यात्रा उनके पांच देशों के दौरे का चौथा चरण है। पीएम मोदी के गैलेओ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद वे स्थानीय होटल रवाना हुए, जहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और पारंपरिक संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और बातचीत भी की।

ब्रिक्स सम्मेलन और ब्रासीलिया की राजकीय यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आगमन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा “ब्राजील के रियो डी जिनेरियो पहुंचा हूं, जहां मैं 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लूंगा। इसके बाद राष्ट्रपति लुइज़ इनेसियो लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर राजधानी ब्रासीलिया में राजकीय यात्रा करूंगा। इस यात्रा के दौरान कई सकारात्मक बैठकों और संवादों की उम्मीद है। प्रधानमंत्री की यह यात्रा न केवल बहुपक्षीय मंच ब्रिक्स को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि ब्राजील के साथ द्विपक्षीय संबंधों को भी नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विदेश मंत्रालय ने जताई प्रतिबद्धता

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा “ब्रिक्स साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने रियो डी जिनेरियो ब्राजील पहुंचे।

ब्रिक्स के एजेंडे पर भारत की दृष्टि

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक दक्षिण के हित, विकासशील देशों के आर्थिक मुद्दे, प्रौद्योगिकी सहयोग, और संयुक्त सुरक्षा प्रयासों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखेंगे। साथ ही, यह सम्मेलन ब्रिक्स के नए सदस्य देशों के साथ भारत की भागीदारी को और गहरा करने का अवसर भी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *