CM Rekha Gupta: (नई दिल्ली): दिल्ली सरकार ने राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। रविवार को विज्ञान भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में सरकारी अस्पतालों में नियुक्त 1300 नर्सिंग स्टाफ को स्थायी नियुक्ति पत्र सौंपे गए ।आयुष्मान भारत पंजीकरण वैन की शुरुआत की । यह आयोजन राजधानी के विज्ञान भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के माध्यम से संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जय प्रकाश नड्डा, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह, और अन्य वरिष्ठ मंत्री व अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “यह दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक क्षण है। वर्षों बाद हमारी सरकार ने नर्सिंग स्टाफ को स्थायी नियुक्ति पत्र सौंपे हैं, जिससे न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि मरीजों को भी बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे दिल्ली के अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी को दूर किया जा सकेगा और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ व प्रभावी बनेंगी।
केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री गुप्ता ने इस मौके पर पूर्ववर्ती केजरीवाल सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार में “मोहल्ला क्लीनिक भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए थे। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत भेजे गए ₹1700 करोड़ खर्च नहीं किए गए जिससे लाखों लोगों को लाभ से वंचित रहना पड़ा। पिछली सरकारें स्थायी नौकरी देने में विफल रहीं। यह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि वर्षों के इंतजार के बाद अब स्थायी नियुक्तियां हो रही हैं। सीएम ने मोहल्ला क्लीनिक मॉडल पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि दवा खरीद, अस्पताल निर्माण और परियोजनाओं की घोषणा में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ
जेपी नड्डा का स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार पर ज़ोर
कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार राज्यों को सहयोग कर रही है ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार किया जा सके। उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा लिए गए इस कदम की सराहना की और कहा कि “स्थायी नर्सिंग स्टाफ की तैनाती से दिल्ली की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को नया बल मिलेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि केंद्र सरकार दिल्ली सहित सभी राज्यों में स्वास्थ्य ढांचे के विकास के लिए नीति-आधारित सहयोग को आगे बढ़ाएगी। इससे जहां सरकारी अस्पतालों में सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, वहीं नर्सिंग स्टाफ को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
दिल्ली में 1300 नर्सिंग स्टाफ को स्थायी नियुक्ति पत्र देकर दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ठोस और व्यावहारिक कदम उठाया है। यह फैसला न केवल कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आया है बल्कि आम नागरिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार केंद्र की योजनाओं के साथ पूर्ण पारदर्शिता और सहयोग के साथ आगे बढ़ेगी।