दिल्ली बनेगी स्मार्ट, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुरू कराया योजना पर काम

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा

PWD Minister Pravesh Verma: (नई दिल्ली): दिल्ली सरकार राजधानी को एक स्मार्ट और सुंदर शहर बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। इस दिशा में यमुना रिवरफ्रंट परियोजना सबसे अहम है, जो दिल्ली की सूरत बदलने वाली है। इस परियोजना के तहत यमुना नदी के किनारे आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्ली को ऐसा शहर बनाना है जहां तकनीक, हरियाली और नागरिक सुविधाएं पूरी तरह संतुलित हों। उन्होंने रियल एस्टेट क्षेत्र की महिला उद्यमियों से सुझाव मांगे ताकि इस परियोजना को और बेहतर बनाया जा सके और इसे जल्द से जल्द सफल बनाया जा सके।

यमुना रिवरफ्रंट परियोजना पर विशेष जोर

यमुना रिवरफ्रंट परियोजना में नदी के किनारे पैदल चलने और साइकिल चलाने के लिए विशेष ट्रैक बनाए जाएंगे। इसके अलावा, हरित क्षेत्र, सांस्कृतिक स्थल, सार्वजनिक पार्क और आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। यह परियोजना न केवल राजधानी को एक नई पहचान देगी, बल्कि पर्यटकों को आकर्षित करने में भी मदद करेगी।मंत्री वर्मा ने कहा, “यह परियोजना दिल्ली के लिए एक गेम चेंजर साबित होगी। हमें उम्मीद है कि यमुना रिवरफ्रंट से दिल्लीवासियों को खुली हवा, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर जीवनशैली मिलेगी।”

महिला उद्यमियों से सहयोग की अपील

प्रवेश वर्मा ने इस अवसर पर रियल एस्टेट सेक्टर में काम कर रही महिला उद्यमियों से भी इस मिशन को सफल बनाने के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी और जनता की सक्रिय भूमिका से ही ये योजनाएं और अधिक सफल हो सकती हैं। महिला उद्यमियों की भूमिका इस क्षेत्र में बढ़ाने के लिए भी यह एक अच्छा अवसर है। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और दिल्ली सरकार भी इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

महिला सशक्तिकरण में मिलीं बड़ी उपलब्धियां

मंत्री वर्मा ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को बेहतर अवसर मिले हैं, जिससे सामाजिक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ी है और यह राष्ट्रीय विकास के लिए बेहद जरूरी है। हम सभी को मिलकर महिलाओं को हर स्तर पर सशक्त बनाना है।”

दिल्ली को मॉडल स्मार्ट शहर बनाने का लक्ष्य

दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि ये परियोजनाएं जल्द पूरा हो जाएं और राजधानी को एक ऐसा मॉडल स्मार्ट शहर बनाया जाए जो देश-विदेश के लिए प्रेरणा स्रोत बने। प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली को ऐसे शहर में बदलना होगा जहां न केवल रहने वालों की जरूरतों का ख्याल रखा जाए, बल्कि वह पर्यावरण के अनुकूल भी हो। इसके लिए तकनीकी नवाचारों और बेहतर योजना की जरूरत है, जिस पर सरकार काम कर रही है। अंत में, मंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे भी इस मिशन का हिस्सा बनें और योजनाओं के लिए अपने सुझाव दें। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की भागीदारी से ही दिल्ली एक स्मार्ट, स्वच्छ और सुंदर शहर बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *