एससीओ सम्मेलन में आतंकवाद पर बोलेगा भारत, चीन यात्रा पर रवाना हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Rajnath Singh China Visit: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को चीन के किंगदाओ में आयोजित होने जा रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के दो दिवसीय रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन 26-27 जून को आयोजित हो रहा है, जिसमें भारत आतंकवाद और उग्रवाद जैसे वैश्विक संकटों पर सहयोगात्मक रणनीति की वकालत करेगा।

आतंकवाद पर भारत का सख्त रुख

सरकारी बयान के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सम्मेलन में आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ संयुक्त प्रयासों की ज़रूरत को रेखांकित करेंगे। वह भारत की उस नीति को स्पष्ट रूप से सामने रखेंगे जिसमें आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त न करने की बात कही गई है।

बहुपक्षीय सहयोग और संपर्क की वकालत

सम्मेलन के दौरान राजनाथ सिंह एससीओ के भीतर व्यापारआर्थिक सहयोग और आपसी संपर्क को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दे सकते हैं। भारत लंबे समय से इस संगठन को क्षेत्रीय बहुपक्षवाद और सहयोग का प्रभावी मंच मानता आया है।

द्विपक्षीय वार्ताएं भी संभावित

सम्मेलन के इतर राजनाथ सिंह की चीन, रूस सहित कुछ अन्य सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों की भी संभावना है। इन बैठकों में रक्षा, सुरक्षा, सीमा विवाद और रणनीतिक समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

एससीओ की भूमिका पर भारत की दृष्टि

रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि भारत एससीओ को क्षेत्र में बहुपक्षीय सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच मानता है। संगठन की नीतियां संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और सदस्य देशों के आपसी सम्मान पर आधारित हैं। राजनाथ सिंह की यह चीन यात्रा न केवल एससीओ सम्मेलन के माध्यम से भारत की वैश्विक भूमिका को रेखांकित करेगी बल्कि यह भारत-चीन संबंधों में संभावित नरमी और कूटनीतिक संवाद की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *