सिवान में गरजे पीएम मोदी, कहा- बाबा साहब आंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा बिहार’

पीएम मोदी

PM Modi (सिवान): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सिवान की धरती से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और उसके सहयोगियों पर सीधा हमला बोला। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर विपक्ष की कड़ी आलोचना की और जनता से अपील की कि बिहार ऐसे अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

पीएम मोदी ने लगाया बाबा साहेब के चित्र के अपमान का आरोप

प्रधानमंत्री ने राजद पर आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘‘राजद नेताओं ने एक बीमार वृद्ध व्यक्ति के पैरों के पास बाबा साहब की तस्वीर रखी। यह केवल असंवेदनशीलता नहीं बल्कि दलितों और वंचितों के आदर्शों का अपमान है।’’ उन्होंने कहा कि इस व्यवहार से स्पष्ट है कि राजद और कांग्रेस जैसे दलों में वंचित वर्गों के लिए सम्मान नहीं है।

उन्होंने कहा, “बाबा साहब वंशवाद के विरोधी थे, लेकिन आज उन्हीं के नाम पर राजनीति करने वाले लोग वंशवाद को अपना आधार बनाए बैठे हैं। मैं रास्ते में ऐसे कई पोस्टर देख रहा हूं जो इस अपमान पर माफी मांगने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई माफी नहीं आई।”

मोदी बाबा साहब को सीने से लगाता है

पीएम मोदी ने भावनात्मक अंदाज में कहा, “राजद के लोग बाबा साहब की तस्वीर को पैरों के पास रखते हैं, लेकिन मोदी बाबा साहब को अपने दिल में बसाता है।” उन्होंने कहा कि राजग सरकार का पूरा प्रयास ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से है, जबकि विपक्ष केवल ‘परिवारवाद’ और ‘अपनों का विकास’ चाहता है।

तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के निर्माण में योगदान

प्रधानमंत्री ने अपने 45 मिनट के भाषण में बिहार की आर्थिक भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, और इसमें बिहार की “महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने हाल की विदेश यात्राओं का हवाला देते हुए बताया कि विश्व के प्रमुख राष्ट्र भारत की प्रगति से बहुत प्रभावित हैं।

गरीबी हटाने में NDA की उपलब्धि

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में उनकी सरकार ने गरीबी हटाने के लिए निरंतर काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है, जिसकी सराहना विश्व बैंक जैसी संस्थाओं ने भी की है। पीएम मोदी ने कहा इस उपलब्धि में बिहार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की बड़ी भूमिका रही है। एक समृद्ध बिहार, देश को समृद्ध बनाएगा।

पीएम मोदी ने लोगों को आगाह किया

उन्होने लोगों को आगाह किया कि “जंगल राज” के जिम्मेदार लोग फिर से सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं। पीएम मोदी ने सीधे-सीधे राजद और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे जनता को लुभाने के लिए लोकलुभावन वादे कर रहे हैं, ताकि राज्य के आर्थिक संसाधनों पर फिर से कब्जा कर सकें। उन्होंने कहा राजद-कांग्रेस शासन ने बिहार को पलायन का राज्य बना दिया था। लालटेन और पंजा (राजद-कांग्रेस के चुनाव चिन्ह) की जोड़ी ने बिहार को गर्त में पहुंचा दिया। अब वे फिर मौका तलाश रहे हैं।

‘सम्मान से समझौता नहीं करेगा बिहार’

प्रधानमंत्री ने कहा कि “बिहार के लोग अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करते। वे कठिनाइयों में भी आगे बढ़ते हैं। लेकिन पिछली सरकारों ने उनके गर्व की भावना को चोट पहुंचाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि NDA, बाबा साहब के संविधान के अनुसार सबका विकास करना चाहता है, जबकि विपक्ष केवल अपने परिवार की चिंता करता है।

भोजपुरी में किया अभिवादन नेताओं को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने भाषण की शुरुआत भोजपुरी में अभिवादन करते हुए की, जिससे स्थानीय लोगों के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव और गहरा हुआ। उन्होंने सिवान के गौरव डॉ. राजेंद्र प्रसाद (भारत के पहले राष्ट्रपति) और छपरा निवासी समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बिहार की आकांक्षाओं की रक्षा का संकल्प

पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि विचारधारा की लड़ाई है एक तरफ बाबा साहब के संविधान की रक्षा करने वाली शक्ति है, और दूसरी ओर वह जो उन्हें पैरों के नीचे रखती है। बिहार की जनता से उन्होंने आह्वान किया कि वह अपने आत्मसम्मान और संविधान के आदर्शों की रक्षा के लिए सजग रहे और उस मानसिकता को हराए जिसने कभी ‘जंगल राज’ को जन्म दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *