Union Home Minister Amit Shah:(कोलकाता):गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कोलकाता में अपने दौरे के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी।शाह ने दिन की शुरुआत राजारहाट में स्थित केंद्रीय फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (CFSL) की नई इमारत के उद्घाटन से की। इसके बाद नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भाजपा की एक विशेष संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बंगाल की मौजूदा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
ममता बनर्जी पर तीखा हमला
अमित शाह ने कहा कि बंगाल की भूमि कभी विचारों और क्रांति की जननी रही है, लेकिन कम्युनिस्ट शासन के बाद ममता बनर्जी ने “मां, माटी, मानुष” के नारे के नाम पर राज्य को घुसपैठ, हिंसा और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार के दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई और अब लोगों में बदलाव की लहर है। उन्होने कहा “दीदी, आपका समय खत्म हो गया है।
“हमें बंगाल को बचाना है”
नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस बैठक में शाह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बंगाल को “घुसपैठ, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार” से मुक्त कराएं। उन्होंने कहा घुसपैठ रोकनी है भ्रष्टाचार खत्म करना है और हिंदुओं के पलायन पर लगाम लगानी है चुनावों में हिंसा को लेकर शाह ने कहा कि पूरे देश में शांतिपूर्ण मतदान होता है, लेकिन बंगाल में हिंसा आम बात बन चुकी है। उन्होंने मुर्शिदाबाद हिंसा को “राज्य प्रायोजित दंगा” करार देते हुए TMC नेताओं को दंगाइयों का समर्थन देने का आरोप लगाया।
ममता सरकार के घोटालों का जिक्र
शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनाने से केवल 4-5% वोट का फासला रह गया है। उन्होंने पशु तस्करी, मिड डे मील, नगर पालिका भर्ती घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपये जनता से लूटे गए हैं।
मुस्लिम तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति पर निशाना
शाह ने ममता बनर्जी पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने वक्फ कानून को दरकिनार कर विशेष वर्ग को लाभ पहुंचाया। उन्होंने सवाल उठाया इमामों को वेतन देना, रोहिंग्याओं को बसाना और हाजी नुरुल को टिकट देना – क्या यह वोट बैंक की राजनीति नहीं है?”
ऑपरेशन सिंदूर और राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र
आतंकवाद के खिलाफ केंद्र की कार्रवाई की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों को जवाब दिया, लेकिन ममता बनर्जी को इससे “पेट में दर्द” होने लगा। उन्होंने कहा बंगाल का चुनाव सिर्फ राज्य का नहीं, देश की सुरक्षा का चुनाव है। ममता बनर्जी ने सीमाएं बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए खोल दी हैं।”