Bhagalpur PM Kisan Samman Nidhi: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को बिहार के भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किश्त जारी कर दी। अब 9.8 करोड़ से भी ज्यादा किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपए सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। पीएम किसान योजना के तहत हर लाभार्थी को चार महीने में दो हजार रुपए की तीन बराबर किश्तों में कुल 6 हजार रुपए सालाना लाभ दिया जाता है।
आज प्रधानमंत्री मोदी ने 22,000 करोड़ रुपए से भी ज्यादा की रकम ट्रांसफर की। इसके साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास देश को समर्पित किया। इससे पहले इस मौके पर मौजूद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी कर रहे हैं। एनडीए सरकार पूरे देश के विकास और प्रगति के लिए तत्परता से काम कर रही है।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव को लेकर निशाना साधा और कहा कि जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वह स्थितियों को कभी नहीं बदल सकते। पीएम ने कहा कि, पहले यूरिया के लिए किसान लाठी खाता था और यूरिया की काला बाजारी होती थी। आज देखिए किसानों को पर्याप्त खाद्य मिलती है।
कोरोनाकाल में भी हमने किसानों को खाद की कमी नही होने दी। प्रधानमंत्री ने कहा, मैंने लाल किले से कहा है कि विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ हैं। ये स्तंभ गरीब, हमारे किसान, हमारे नौजवान और देश की नारी शक्ति हैं। पीएम ने कहा कि एनडीए की सरकार चाहे तो केंद्र में हो या नीतीश जी के नेतृत्व में चल रही हो, किसान कल्याण हमारी प्राथमिकता में है।
Read Also: Bhopal: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, MP में भारी निवेश की उम्मीद
कृषि निर्यात बहुत अधिक बढ़ा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, पहले जब बाढ़ आती थी, सूखा पड़ता था, ओले पड़ते थे। तब पहले की सरकारें किसानों को उनके हाल पर छोड़ देते थे। साल 2014 में जब आपने एनडीए को आशीर्वाद दिया तो मैंने कहा, ऐसा नहीं चलेगा। एनडीए सरकार ने ‘पीएम फसल बीमा योजना’ बनाई, इस योजना के तहत पौने दो लाख करोड़ रुपए का क्लेम किसानों को आपदा के समय मिल चुका है।
बीते सालों में सरकार के प्रयासों से भारत का कृषि निर्यात बहुत अधिक बढ़ा है। इससे किसानों को उनकी उपज की ज्यादा कीमत मिलने लगी है। कई कृषि उत्पाद ऐसे हैं, जिनका पहली बार निर्यात शुरू हुआ है। अब बारी बिहार के मखाने की है। ये सुपर फूड है, जिसे अब दुनिया के बाजारों तक पहुंचाना है। इसलिए बजट में इसके लिए विशेष पैकेज का ऐलान किया है।