Delhi Chunav 2025: राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम को चुनाव प्रचार का शोर थम गया। अब बुधवार को सुबह से मतदान शुरू हो जाएगा। इससे पहले सोमवार देर रात कालका जी में बवाल देखा गया। कालका जी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी आतिशी मार्लेना ने बीजेपी प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी के परिवार पर आरोप लगाए हैं।
मुख्यमंत्री मार्लेना के परिवार का कहना है कि बिधूड़ी परिवार ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि बिधूड़ी का परिवार देर रात कालका जी क्षेत्र में घूम रहा था। इस पर पुलिस ने गोविंदपुरी थाने में शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि धारा 126 आरपी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर लिखा कि इस मामले में रमेश बिधूड़ी के बेटे मनीष बिधूड़ी और रवि दयामा के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत का संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ गोविंदपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। धारा 126 आरपी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए एक अन्य आरोप का जवाब देते हुए पुलिस ने कहा कि रमेश बिधूड़ी के परिवार के तीन और सदस्य, जो तुगलकाबाद गांव में रहते हैं। रात एक बजे कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में घूमते पाए गए थे। इसके बाद पुलिस की ओर से शिकायत को दर्ज कर लिया गया।
वहीं, पुलिस ने कालकाजी से आप प्रत्याशी आतिशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमने गोविंदपुरी पुलिस थाने में आप उम्मीदवार के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आगे बताया कि आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार को फतेह सिंह मार्ग पर 50-70 समर्थकों और 10 वाहनों के साथ पाया गया। जिसके बाद कार्रवाई की गई।
8 फरवरी को घोषित होगा परिणाम
बता दें कि, राजधानी दिल्ली में बुधवार 5 फरवरी को मतदान किया जाएगा। सोमवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया था। जिसके बाद चुनाव आयोग ने मतदान के लिए तैयारियां शुरू कर दी। चुनाव का परिणाम शनिवार 8 फऱवरी को घोषित किया जाएगा। मतदान को देखते हुए राजधानी में 30 हजार पुलिस कर्मियों के साथ 150 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात रहेगी।