Chandigarh Mayor Election: केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को अपना नया मेयर मिल गया है। इस चुनाव में इस बार बीजेपी ने बाजी मारी है। बीजेपी प्रत्याशी हरप्रीत कौर बबला चुनाव जीतकर मेयर बन गई। बीजेपी को इस चुनाव में 19 वोट मिले। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी को 17 वोट मिले। नंबरगेम आप और कांग्रेस के पक्ष में था क्योंकि दोनों के पास 19 पार्षद थे और बीजेपी के पास 16 पार्षद थे। क्रॉस वोटिंग के चलते जीत बीजेपी के हिस्से में आई।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन ने क्रॉस वोटिंग रोकने, एक-एक वोट सहेजने के लिए अपने सभी पार्षदों को रिसॉर्ट में ठहराया था। आम आदमी पार्टी के पार्षद पंजाब पुलिस की निगरानी में थे जबकि कांग्रेस पार्षदों पर पार्टी के ही नेता नजर रख रहे थे लेकिन ये तरकीब भी कारगर नहीं रही। बावजूद इसके तीन पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग कर दी।
इस बार मतदान गुप्त मतदान प्रणाली के तहत हुआ। ऐसे में क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों का पता लगा पाना भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के लिए आसान नहीं होगा। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट से नियुक्त स्वतंत्र पर्यवेक्षक पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति जयश्री ठाकुर की निगरानी में चुनाव हुआ।
बैलट पेपर को लेकर विवाद
मेयर चुनाव में पहला वोट चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने डाला और इसके बाद पार्षदों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। वोटिंग के शुरुआती घंटे में ही बैलट पेपर को लेकर विवाद भी सामने आया था। चंडीगढ़ के वार्ड नंबर एक से आम आदमी पार्टी की पार्षद जसविंदर कौर ने बैलट पेपर पर एक डॉट होने का आरोप लगाते हुए वोट डालने के लिए एक और बैलट देने की मांग की थी।
गौरतलब है कि, चंडीगढ़ नगर निगम में कुल संख्याबल 35 है। बीजेपी के 16 पार्षद, आम आदमी पार्टी के 13 और कांग्रेस के 6 सदस्य थे। मेयर चुनाव में चंडीगढ़ सांसद भी वोटिंग करते हैं इसलिए संख्याबल कुळ 36 हो जाता है। इस चुनाव में 100 फीसदी मतदान लेकिन क्रॉस वोटिंग के चलते बीजेपी जीत गई।
Read Also: http://Delhi Election: केजरीवाल पर जमकर बरसे राहुल गांधी, बोले- सबसे बड़ा घोटाला…शराब घोटाला