Mumbai Terror Attack Tahawwur Rana Extradition: साल 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले (26/11) के आरोपी तहव्वुर राणा को जल्द ही भारत लाया जाएगा। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत आरोपी के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। अब 30 जनवरी को भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम को अमेरिका भेजा जा सकता है। आतंकी तहव्वुर राणा को भारत लाने के बाद उसे दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा जा सकता है।
आतंकी तहव्वुर राणा अमेरिका में विभिन्न कानूनी तरीकों से अपना भारत प्रत्यर्पण रोकने की कोशिश कर चुका है। लेकिन हर बार उसकी ये कोशिशें नाकाम रही। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी याचिका को खारिज कर दिया और प्रत्यर्पण को मंजूरी दी। अमेरिकी कोर्ट ने 21 जनवरी को उसकी याचिका खारिज करते हुए फैसला सुनाया कि उसकी समीक्षा याचिका खारिज की जाती है।
बता दें, अमेरिकी कोर्ट ने अगस्त 2024 में फैसला सुनाते हुए भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत राणा को भारत भेजने की मंजूरी दी थी। लेकिन ये मामला कागजी कार्रवाई की वजह से लटका रहा। फिलहाल राणा अमेरिका के लॉस एंजिल्स पुलिस की हिरासत में है। तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है और 26/11 हमले का मास्टरमाइंड है।
Read Also: UP: बागपत में भगदड़, 3 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत, पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई
शिकागो से हुई थी गिरफ्तारी
अमेरिका के एफबीआई ने राणा को साल 2009 में शिकागो से गिरफ्तार किया था। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ऑपरेटिव के तौर पर भारत में काम कर रहा था। हमले के मुख्य मास्टरमाइंड डेविड कोलमेन हेडली को राणा ने ही हमले की साजिश रचने और रेकी करने में मदद की थी। इसके सबूत भारत ने अमेरिका की कोर्ट में भी पेश किए थे।
हमले में गई थी कई लोगों की जान
26 नवंबर 2008 में हुए इस मुंबई आतंकी हमले में कई लोगों की जान चली गई थी। जिसमें 6 अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोग मारे गए थे। जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। इसके अलावा कई सुरक्षा कर्मियों को भी शहादत देनी पड़ी थी।