Jalgaon Train Hadsa: महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई। लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। यात्री इतना डर गए कि वह चलती ट्रेन से ही कूदने लगे।
इसी बीच बगल की पटरी से कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। ट्रेन से कूदने वाले कई लोग कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। इस घटना में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 से 40 लोग ट्रेन से कूद पड़े थे। यह हादसा जलगांव की पाचोरा तहसील के परधाडे गांव के पास हुआ।
सीनियर रेलवे अधिकारी ने जानकारी दी कि, पुष्पक एक्सप्रेस के एक डिब्बे के अंदर ‘हॉट एक्सल’ या ‘ब्रेक-बाइंडिंग’ के कारण चिंगारी उठी, जिससे कुछ यात्री घबरा गए। उन्होंने जंजीर खींची और उनमें से कुछ पटरी से नीचे कूद गए। उसी समय बगल के ट्रैक से दूसरी ट्रेन गुजर रही थी। इस ट्रेन की चपेट में आने से यात्रियों की मौत हो गई।
प्रदेश के डिप्टी सीएम अजित पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि दो व्यक्तियों उधल कुमार और विजय कुमार ने फैलाई। दोनों एक चाय वाले की बात में आ गए। सबसे पहले चाय वाले ने अफवाह फैलाई कि ट्रेन में आग लग गई। इसके बाद ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उस चाय वाले ने खुद ही चेन खींच दी। जब ट्रेन धीमी होने लगी तो यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदने लगे।
Read Also: http://Delhi Chunav 2025: दिल्ली में किराएदारों को मिलेगी बिजली और पानी मुफ्त, केजरीवाल ने किया ऐलान
मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि हादसे के बाद प्रशासन और अन्य बल सक्रिय हो गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। श्रावस्ती के उधल कुमार और विजय कुमार ट्रेन में सवार थे। वे ट्रेन में यात्रा कर रहे थे। जनरल बोगी और ऊपरी बर्थ पर बैठे थे। पेंट्री से एक चाय बेचने वाले ने बोगी में आग लगने के बारे में चिल्लाया, दोनों ने यह सुना और घबरा गए।
आगे उन्होंने कहा कि 13 में से 10 मृतकों की पहचान हो गई है बाकी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। इस हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिसमें 8 पुरुष है और 2 महिलाएं हैं। घायलों का जलगांव के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी के परिजनों को सूचित कर दिया है। मृतकों के परिजनों को 1.5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।