Weather Update Delhi NCR IMD: दिल्ली-एनसीएर में बुधवार देर शाम से हुई बारिश के बाद ठिठुरन बढ़ गई है। सर्द हवाओं के साथ लगातार लोगों के लिए परेशानी बन रही है। गुरुवार सुबह राजधानी में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। ऐसे मौसम को देखते हुए आईएमडी ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसी के साथ कुछ दिन कोहरे और बारिश होने की भी संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को हल्की बारिश और घने कोहरे के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पहाड़ों पर बर्फबारी जारी
बता दें कि, पहाड़ों पर जारी भारी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड बढ़ती जा रही है। इसका असर उत्तर भारत के तमाम राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी-बिहार, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब में देखने को मिल रहा है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत मेघालय के कुछ हिस्सों में जारी बर्फबारी का पर्यटक मजा तो ले रहे हैं, लेकिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंचने से लोगों को समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश ने और टेंशन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने गुरुवार के साथ आगे भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के आंकड़ों की मानें तो बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हुई और रात साढ़े ग्यारह से लेकर सुबह साढ़े पांच बजे के बीच 3.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, पालम में 8.6 मिलीमीटर, पूसा में 7.5 मिलीमीटर और मयूर विहार में 4 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक मापा गया जो 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक 336 दर्ज किया, जो बहुत खराब श्रेणी में रहा।