Ramlala Pran Pratishtha Anniversary: आज रामनगरी अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिकोत्सव शुरू हो गया है। इसे प्रतिष्ठा द्वादशी नाम दिया गया है। पुजारियों ने रामलला का पंचामृत से महाभिषेक किया। रामलला का दूध, दही, घी, शहद, शक्कर से अभिषेक किया गया। इसके बाद गंगाजल से नहलाया गया। बाद में रामलला का श्रृंगार किया गया। रामलला को सोने और चांदी के तारों से बुने गए वस्त्र पहनाए गए हैं।
रामलला की पगड़ी में हीरा जड़ा है। अब रामलला को भोग लगाया जा रहा है। इसके बाद थोड़ी देर में सीएम योगी महाआरती करेंगे। भोग लगाने के बाद रामलाल के पट खोले जाएंगे। आज पहले दिन रामलला का महाभिषेक आस्था का केंद्र होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला के अभिषेक के माध्यम से अपनी आस्था अर्पित करेंगे। वह रामलला की महाआरती करेंगे।
बता दें कि, वार्षिकोत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर विकसित भारत की संकल्प सिद्धि में मदद करेगा। भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पहली वर्षगांठ पर राम मंदिर को विदेशी फूलों से सजाया गया है। अयोध्या में इस समय 4 डिग्री तापमान है। ठंड के बीच भगवान राम के भक्तों का उत्सव चरम पर हैं।
इस भीषण ठंड में भी राम भक्तों की आस्था कम नहीं हुई। दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों से भक्त दर्शन करने पहुंचे हैं। मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पहली वर्षगांठ पर 2 लाख से ज्यादा भक्त रामलला के दर्शन को आएंगे। रामभक्तों की सुविधा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
विकसित भारत की संकल्प सिद्धि की प्रेरणा बनेगा राम मंदिर- पीएम मोदी
वहीं, पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से बना यह मंदिर हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान धरोहर है। मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राम मंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।