Bangladesi Student In Delhi: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बांग्लादेशी घुसपैठ बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) इसको लेकर एक्शन मोड में आ गया है। एमसीडी उपायुक्त ने सभी स्कूलों को नोटिस जारी करते हुए कहा कि स्कूलों में अवैध बांग्लादेशी छात्रों की पहचान की जाए। ऐसे छात्रों का जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा शिक्षा विभाग को जो आदेश जारी किया गया है उसमें कहा गया है कि अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। यह आदेश एमसीडी के सभी क्षेत्रों को जारी किया गया है। इसके अलावा एमसीडी ने जन स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उन नवजात बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने चाहिए, जिनके माता पिता अवैध बांग्लादेशी हैं। इस बारे में 31 दिसंबर 2024 तक कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
एमसीडी के इस आदेश के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह हमलावर हो गए हैं, उन्होंने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संसद में कहा था कि पूर्वांचवी रोहिंग्या है, घुसपैठिए हैं। अब एमसीडी ने स्कूलों में सत्यापन प्रक्रिया करने, अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने, जन्म प्रमाण पत्र जारी न करने का आदेश जारी किया है।
बांग्लादेशियों के नाम पर वे पूर्वांचलियों का अपमान और अपमान करना चाहते हैं। एनडीए सरकार यूपी-बिहार के गरीबों को अपमानित करना चाहती हैं। यह आदेश क्यों जारी किया गया है? उन्होंने कहा कि यह सरकार पूर्वांचलियों को धमकाना चाहती है और उनके मकानों दुकानों को तोड़ना चाहती है। यह सरकार गरीब विरोधी और नफरत फैलाना जानती है।
दिल्ली में बनेगी आप सरकार- संजय सिंह
बीजेपी को पता है कि बांग्लादेशी घुसपैठिए और रोहिंग्या कहां रहते हैं, वे बकरवाला में रहते हैं। अगर आप अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहते हैं तो वहां जाएं। घुसपैठ के नाम पर पूर्वांचलियों को क्यों प्रताड़ित किया जा रहा है। आखिर बीजेपी चुनाव के समय ऐसे हथकंडे क्यों अपना रही है। बीजेपी की इन साजिशों से कुछ होने वाला नहीं है। दिल्ली में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी सरकार बनाने जा रही है।