Parliament Session PM Modi on Ambedkar: संसद की शीतकालीन सत्र में भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को लेकर हंगामा मचा हुआ है। विपक्ष लगातार अमित शाह के भाषण को लेकर सरकार को घेर रहा है। कांग्रेस गृह मंत्री शाह के इस्तीफे की मांग कर रही है। इस हंगामे के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शाह का बचाव किया और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस और उसका तंत्र यह सोचता है कि दुर्भावनापूर्ण झूठ से उनके कई वर्षों के कुकर्मों, खासतौर से डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के प्रति उनके अपमान को छुपाया जा सकता है, तो वे गलत सोच रहे हैं। इसी कांग्रेस ने कभी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया।
पीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘भारत के लोगों ने बार-बार देखा है कि कैसे एक वंश के नेतृत्व वाली एक पार्टी ने संविधान निर्माता की विरासत को मिटाने और एससी/एसटी समुदायों को अपमानित करने के लिए हर संभव गंदी चाल चली है।
आगे पीएम ने ये भी लिखा है कि अंबेडकर के प्रति कांग्रेस के पापों की सूची है। उस सूची में शामिल है…अंबेडकर को एक बार नहीं बल्कि दो बार चुनाव में हराया गया। पंडित नेहरू ने उनके खिलाफ अभियान चलाया और उनकी हार को प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाया। उन्हें भारत रत्न देने से इनकार किया गया। संसद के सेंट्रल हॉल में उनके चित्र को सम्मानित स्थान नहीं दिया गया।
कांग्रेस चाहे जितनी कोशिश कर ले, लेकिन वे इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि एससी/एसटी समुदायों के खिलाफ सबसे भयानक नरसंहार उनके शासन में हुए हैं। वे सालों तक सत्ता में रहे, लेकिन एससी और एसटी समुदायों को सशक्त बनाने के लिए कुछ भी ठोस कदम नहीं उठाया।
पूरा देश जान गया सच्चाई- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि, हम आज जो हैं, वह बाबासाहेब की वजह से ही है। हमारी सरकार ने पिछले एक दशक में बाबासाहेब के सपने को पूरा करने के लिए अथक काम किया है। हमारी सरकार ने अंबेडकर से जुड़े पांच प्रतिष्ठित स्थानों, पंचतीर्थ को विकसित करने के लिए काम किया है। दशकों से चैत्य भूमि के लिए जमीन का मुद्दा लंबित था। हमारी सरकार ने न केवल इस मुद्दे को सुलझाया, बल्कि मैं वहां प्रार्थना करने भी गया हूं।
हमने दिल्ली में 26, अलीपुर रोड को भी विकसित किया है, जहां अंबेडकर साहब ने अपने अंतिम वर्ष बिताए थे। लंदन में जिस घर में वे रहते थे, उसे भी सरकार ने अधिग्रहित कर लिया है। अब जब कांग्रेस के झूठ की पोल देश के सामने खुल गई है तो, झूठे घड़ियाली आंसू बहा रही है। आज सच्चाई पूरा देश जान चुका है। कांग्रेस के पास चीखने-चिल्लाने के अलावा कोई काम नहीं बचा है।