UP Sambhal Violence: संभल जिले के समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर पर बिजली का मीटर लगा दिया है। इस दौरान एएसपी और सीओ अनुज चौधरी समेत भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। दरअसल, सांसद के घर पर बिजली का मीटर नहीं लगा था। इसलिए बिजली विभाग के साथ मौके पर पुलिस भी मौजूद रही। एएसपी का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से फोर्स को तैनात किया गया।
एएसपी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि सपा सांसद पर बिजली का मुकदमा है या नहीं इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, सांसद के घर पर बिजली का मीटर नहीं था इसलिए मीटर को लगाया गया है। दीपा सराय क्षेत्र में सपा नेता का घर है और यहां पर कानून व्यवस्था की कई घटनाएं घटी है इसी संदर्भ में हम लोग मौके पर आए हैं।
बता दें कि, बिजली विभाग की टीम अपने साथ रसीद कट्टा भी लेकर पहुंची थी। सपा नेता के घर पर बिजली का मीटर भी नहीं लगा था। शायद बिजली विभाग की टीम सपा नेता के ऊपर जुर्माना भी लगा दें। हालांकि, इसको लेकर एएसपी ने कोई जवाब नहीं दिया और कहा कि इसका जवाब बिजली विभाग के पास हैं। वहीं, सांसद के पड़ोसियों ने इस तरह की जानकारी से इंकार कर दिया है।
नवंबर महीने में भड़की थी हिंसा
बीते माह संभल में हुई हिंसा के बाद पुलिस प्रशासन लगातार संभल पर नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्र में बिजली चोरी की शिकायत मिलने के बाद की गई कार्रवाई में अब तक 1200 से ज्यादा केस दर्ज हो गए हैं। कई ऐसी मस्जिदें भी पाई गई हैं, जहां पर चोरी-छिपे ट्रांसमीटर्स बना दिए गए थे, जिनसे कई घरों में बिजली सप्लाई होती थी।
इससे पहले नवंबर महीने में शाही जामा मस्जिद में हुए सर्वे के बाद हिंसा भड़क गई थी। हिंसा में चार पत्थरबाजों की मौत हो गई थी और दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने इलाके में कर्फ्यू लगा दिया था। अब तक हुई कार्रवाई में 40 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया हैं।